हमसे जुड़े

Follow us

31.6 C
Chandigarh
Tuesday, March 31, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी कैराना पुलिस ...

    कैराना पुलिस ने पकड़ी 4.03 करोड़ रुपये की स्मैक, तस्कर गिरफ्तार

    Kairana News
    Kairana News: कैराना पुलिस ने पकड़ी 4.03 करोड़ रुपये की स्मैक, तस्कर गिरफ्तार

    ‘नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर’ मुहिम के तहत मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान जारी

    • आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक व मोबाइल फोन बरामद, तस्करी में शामिल आरोपी के साथी की तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस

    कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली पुलिस ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत कार्यवाही करते हुए एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 02.15 किग्रा स्मैक, तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक व मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत 04.03 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिए तस्करी के धंधे में शामिल आरोपी के साथी की तलाश कर रही है। Kairana News

    डीआईजी सहारनपुर के कुशल नेतृत्व में पुलिस की ओर से परिक्षेत्र के अंतर्गत मादक पदार्थों, नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोकथाम हेतु विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा:नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर’ चलाया जा रहा है, जिसके तहत सोमवार को कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए बुच्चाखेड़ी-ऊंचागांव मार्ग पर स्थित एक धार्मिक स्थल की ओर जाने वाली चकरोड से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता अहसान निवासी ग्राम तीतरवाड़ा बताया।

    आरोपी के कब्जे से 02.15 किग्रा स्मैक, तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे बाइक व एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पकड़ी गई स्मैक की अनुमानित कीमत 04 करोड़, 03 लाख रुपये बताई गई है। मादक पदार्थ तस्करी के धंधे में लिप्त आरोपी का एक साथी पुलिस गिरफ्त से बाहर बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सम्बंधित धारा-8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है।

    नकुड़ थानाक्षेत्र के घाटमपुर गांव से हो रही थी स्मैक की तस्करी

    मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में पकड़े गए अहसान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह जनपद सहारनपुर के नकुड़ थानाक्षेत्र के घाटमपुर गांव निवासी सारिक से अवैध स्मैक खरीद कर लाता था। इसके पश्चात, स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया(पैकेट) बनाकर उन्हें बाइक से क्षेत्र में घूम-घूमकर बेच देता था, जिससे उसे बढ़िया मुनाफा हो रहा था। वहीं, पुलिस ने आरोपी सारिक की तलाश शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी अहसान के खिलाफ पूर्व में भी जनपद सहारनपुर के थाना गंगोह व नकुड़ में मादक पदार्थ तस्करी के कई अभियोग दर्ज है।

    पुलिस की आम नागरिकों से सक्रिय योगदान की अपील | Kairana News

    जनपद शामली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सवेरा को सफल बनाने की अपील की है। पुलिस ने जनपद के नागरिकों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेकर योगदान देने की अपील की है। शामली पुलिस ने अपने संदेश में कहा है कि ‘वह जनपद के सभी नागरिकों से अपील करती है कि इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। ‘नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर’ बढ़ते हुए हम सब मिलकर जनपद शामली को नशामुक्त बनाने का संकल्प लें।

    पुलिस टीम में ये रहे शामिल…

    आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री के अलावा, कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान, तीतरवाड़ा चौकी प्रभारी एसआई पवन चौधरी, हेड कॉन्स्टेबल ललित शर्मा व शहजाद अली, कांस्टेबल राहुल, अंकित व कपिल कुमार शामिल रहे। एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने मादक पदार्थ तस्कर को पकड़ने वाली टीम की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।