IPL Auction 2026: नई दिल्ली। आईपीएल नीलामी में इस बार रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने दूरदर्शी फैसला लेते हुए शाह सतनाम जी स्टेडियम क्रिकेट एकेडमी के युवा खिलाड़ी कनिष्क चौहान को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। आरसीबी हमेशा से युवा खिलाड़ियों को मौका देने और उन्हें बड़े मंच पर निखारने के लिए जानी जाती रही है। 30 लाख की बेस प्राइस पर कनिष्क को खरीदना इस बात का संकेत है कि टीम भविष्य की मजबूत बेंच तैयार करना चाहती है। वहीं सच कहूँ से बातचीत करते हुए कनिष्क ने अपनी इस प्राप्ति का श्रेय डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद और मार्गदर्शन को दिया है। खिलाड़ी ने कहा कि शाह सतनाम जी स्टेडियम में क्रिकेट प्रशिक्षण की उच्चतम व्यवस्था के कारण ही मैं इस मुकाम तक पहुंचा हूँ।
फैंस में उत्साह | IPL Auction 2026
जैसे ही नीलामी में कनिष्क चौहान का नाम RCB के साथ जुड़ा, सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें बधाइयाँ देना शुरू कर दिया। कई प्रशंसकों का मानना है कि अगर उन्हें सही मौके मिले, तो वह आने वाले सीज़न में टीम के लिए एक एक्स-फैक्टर खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
कौन हैं कनिष्क चौहान?
- कनिष्क एक प्रतिभाशाली ऑल-राउंडर हैं जिनका बल्ला और गेंद दोनों ही अच्छी क्षमता दिखाते हैं।
- हाल ही में उन्होंने भारत U-19 टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ शानदार खेल दिखाया, जिसमें उन्हें ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ का अवॉर्ड भी मिला।
आकिब नबी को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा
जम्मू-कश्मीर के प्रतिभावान तेज़ गेंदबाज़ आकिब नबी ने आईपीएल 2026 मिनी-ऑक्शन में इतिहास रच दिया जब दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। सिर्फ़ 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे नबी को हासिल करने के लिये दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद तीनों ने बोली लगायी, लेकिन आखिर में कैपिटल्स ने बाजी मार ली।
बारामूला में चार नवंबर 1996 को जन्मे नबी एक मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता गुलाम नबी डार एक सरकारी स्कूल में अंग्रेज़ी पढ़ाते हैं। वह शुरू में चाहते थे कि उनका बेटा डॉक्टर बने, लेकिन क्रिकेट के प्रति आकिब के जुनून ने आखिरकार उन्हें अपने सपने को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
दाएं हाथ के मध्यम तेज़ गेंदबाज़ आकिब नबी स्विंग, लाइन और लेंथ पर अपने ज़बरदस्त नियंत्रण और गेंद को दोनों तरफ़ स्विंग कराने की काबिलियत के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपना गेंदबाज़ी एक्शन साउथ अफ्रीका के महान गेंदबाज़ डेल स्टेन के जैसा बनाया, जिन्हें वह बचपन से ही अपना आदर्श मानते थे।
हाल के सालों में नबी जसप्रीत बुमराह की भी खुलकर तारीफ करते रहे हैं और उन्हें अपनी प्रेरणा बताते हैं। नबी ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत गली क्रिकेट और टेनिस बॉल मैचों से की थी। उस समय बारामूला में सही कोचिंग की सुविधा न होने के कारण उन्होंने 19 साल की उम्र तक लाल गेंद से क्रिकेट खेलना शुरू नहीं किया था। एक दोस्त के साथ जम्मू-कश्मीर ट्रायल्स में सिर्फ़ एक ट्रायल के लिए शामिल होने के दौरान उनका चयन हो गया। यह उनके करियर का एक बेहद अहम मौका साबित हुआ।
उन्होंने 2019-20 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जम्मू और कश्मीर के लिए पदार्पण किया। उन्होंने अब तक 27 टी20 मैचों में 28 विकेट लिये हैं। रणजी ट्रॉफी 2024-25 में वह 44 विकेट लेकर दूसरे सबसे सफल गेंदबाज़ बने, जबकि 2025 दलीप ट्रॉफी में उन्होंने एक ही ओवर में चार गेंदों पर चार विकेट लेकर देशभर में सुर्खियां बटोरीं। ईडन गार्डन्स में 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ 16 रन देकर चार विकेट लेना भी उनके शानदार प्रदर्शन का सबूत है। नबी का आईपीएल में शामिल होना न सिर्फ उनके निजी सफर की सफलता है, बल्कि इसे जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के लिए भी एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है।















