हमसे जुड़े

Follow us

13 C
Chandigarh
Tuesday, February 10, 2026
More
    Home खेल कनिष्क चौहान ...

    कनिष्क चौहान ने आखिरी विकेट झटककर दिलाया भारत को अंडर-19 विश्वकप

    India World Cup
    India World Cup कनिष्क चौहान ने आखिरी विकेट झटककर दिलाया भारत को अंडर-19 विश्वकप

    India World Cup: सरसा सच कहूँ/सुनील बजाज। जिम्बाब्वे की धरती पर खेले गए अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला जीतकर भारत ने विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। इस ऐतिहासिक जीत के एक बड़े नायक शाह सतनाम जी एकेडमी के आॅलराउंडर कनिष्क चौहान रहे, जिन्होंने मैच की आखिरी विकेट चटकाकर भारत की झोली में अंडर-19 विश्वकप डाल दिया।

    पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन रहमत से शाह सतनाम जी क्रिकेट एकेडमी और शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के उभरते हुए युवा क्रिकेटर कनिष्क चौहान ने बताया कि ये सब पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं का कमाल है। उन्होंने ही हमें समय-समय पर क्रिकेट की बारीकियां सिखाई। जिसकी बदौलत आज हमने विश्वकप जीता। फाइनल में कनिष्क चौहान ने गेंद और बल्ले दोनों से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। जब टीम को रनों की सख्त जरुरत थी, तब कनिष्क ने मात्र 20 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद 37 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

    गेंदबाजी में कनिष्क ने 8.2 ओवर में 63 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके। सबसे खास पल वह रहा जब उन्होंने पूज्य गुरु जी द्वारा सिखाई गई यॉर्कर गेंद फेंककर मैच की अंतिम विकेट लेकर भारतीय तिरंगे की शान बढ़ाई। वहीं बल्लेबाजी में भारतीय पारी के आखिरी ओवर में मोर्चा संभालते हुए 18 रन ठोक डाले, जिससे भारतीय टीम ने 400 रनों का आंकड़ा पार किया। बता दें कि भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट गंवाकर 411 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड टीम 40.2 ओवर में 311 रनों पर आॅलआउट हो गई। भारत ने छठी बार यह खिताब जीता है।

    जानकारी देते हुए शाह सतनाम जी क्रिकेट एकेडमी, सरसा टीम के कोच जसकरण सिंह सिद्धू ने बताया कि कनिष्क ने अंडर-19 विश्वकप में लीग, सुपर सिक्स, सेमीफाइनल और फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं चिरप्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया, 29 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 35 रन और गेंदबाजी में 10 ओवर में 30 रन देकर एक अह्म विकेट झटका। जिसकी बदौलत उन्हें प्लेयर आॅफ द् मैच पुरस्कार से भी नवाजा गया। साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले कनिष्क ‘बेस्ट आलराउंडर आॅफ द् सीरीज’ भी रह चुके हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनका रिकॉर्ड बेमिसाल रहा है, एशिया कप और अंडर-19 विश्वकप में शानदार प्रदर्शन किया था जहां वे लगातार दो बार ‘मैन आफ द् मैच’ बने। बता दें कि कनिष्क की इसी सफलता को देखते हुए रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने उन्हें 30 लाख रुपए के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया है।

    कनिष्क को सभी तरफ से मिल रही बधाइयां | India World Cup

    युवा खिलाड़ी की इस बड़ी उपलब्धि को लेकर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह, स्पोर्ट्स एचओडी डॉ. नवजीत सिंह भुल्लर, शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दिलावर सिंह, स्कूल के प्रिंसिपल आरके धवन इन्सां, शाह सतनाम जी क्रिकेट एकेडमी, सरसा टीम के कोच जसकरण सिंह सिद्धू, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के हैड अनिरुद्ध चौधरी और सरसा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. वेद बैनीवाल ने बधाई दी। कनिष्क के पास लगातार फोन कॉल और बधाई संदेशों का सिलसिला जारी है। क्षेत्र के गणमान्य लोग भी कनिष्क को शुभकामनाएं दे रहे हैं। सभी की यही कामना है कि कनिष्क आगे भी इसी जुनून और मेहनत के साथ देश का प्रतिनिधित्व करे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराता रहे। ज्ञातव्य है कि कनिष्क मौजूदा समय में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सरसा में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है और वह पिछले 10 वर्षों से शाह सतनाम जी क्रिकेट एकेडमी, सरसा में खेल रहा हैं।