हमसे जुड़े

Follow us

16 C
Chandigarh
Thursday, February 26, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान कम्पनी में नि...

    कम्पनी में निवेश पर अच्छे-खासे लाभ का झांसा देकर हड़पे 19.87 लाख रुपए

    Hanumangarh News
    Hanumangarh News

    अपने ही गांव के रहने वाले ग्राम विकास अधिकारी को लगाई चपत

    हनुमानगढ़। कम्पनी में निवेश करने पर प्रत्येक माह अच्छा लाभ देने का झांसा देकर पिता-पुत्रों ने अपने ही गांव के रहने वाले ग्राम विकास अधिकारी की गाढ़ी कमाई हड़प ली। ग्राम विकास अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर टिब्बी पुलिस थाना में पिता व उसके तीन पुत्रों के खिलाफ 19.87 लाख रुपए हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

    पुलिस के अनुसार मोहित कुमार (27) पुत्र रणबीर सिंह जाट निवासी झाम्बर पीएस हनुमानगढ़ टाउन हाल वार्ड छह, टिब्बी ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह ग्राम पंचायत मसीतांवाली हैड में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत है। उनके गांव झाम्बर के राजकुमार बिश्नोई पुत्र विजय सिंह बिश्नोई के साथ उसकी अच्छी जान-पहचान थी। दोनों एक ही गांव के तथा बचपन में एकसाथ पढ़े थे। उसका राजकुमार के घर आना-जाना था। जुलाई 2023 में राजकुमार व उसके भाई सुनील कुमार पुत्र विजय सिंह बिश्नोई, अनिल कुमार पुत्र विजय सिंह बिश्नोई, विजय सिंह बिश्नोई पुत्र भागीरथ बिश्नोई निवासी दो एसएसडब्ल्यू, झाम्बर ने उसे विश्वास में लेकर बताया कि राजस्थान व अन्य जगहों पर उन्होंने मेडिकल डिपार्टमेंट जैविक खेती की कम्पनी बना रखी है और रियल स्टेट में पैसे इन्वेस्ट करने में अच्छा ब्याज मिलता है।

    परिचितों को अधिक ब्याज का प्रलोभन देकर मेहनत की पूंजी हड़प रहे गिरोह सदस्य

    साथ ही उसे कहा कि वह उनकी कम्पनी में उनके कहे अनुसार रुपए निवेश करे। उसे प्रत्येक माह अच्छा लाभ देते रहेंगे। बड़े-बड़े अधिकारी व कर्मचारियों ने उनकी कम्पनी में रुपए लगा रखे हैं। तुम भी कर्मचारी हो, रुपए लगा दो। उसने इनकी बातों में विश्वास कर लिया और 11 जुलाई 2023 से लेकर जुलाई 2024 तक राजकुमार के खाते व राजकुमार की ओर से बताए गए अन्य बैंक खातों में कुल 19 लाख 87 हजार रुपए जमा करवा दिए। लेकिन इन लोगों ने उसे काफी समय तक कोई प्रोफिट नहीं दिया। उसने राजकुमार वगैरा को कॉल की तो उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया। रुपए मांगने पर आज-कल में रुपए देने का आश्वासन देते रहे। फिर अक्टूबर 2024 में उसे पता चला कि राजकुमार बिश्नोई ने कई अन्य लोगों के साथ मिलकर एक गिरोह बना रखा है।

    ये लोग अपने परिचित लोगों को अधिक ब्याज का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी से अपनी पहचान वाले लोगों की मेहनत की पूंजी हड़प रहे हैं। इस संबंध में राजकुमार बिश्नोई व इसके गिरोह के अन्य साथियों के खिलाफ 29 अक्टूबर 2024 को अजमेर सिविल लाइन पुलिस थाना में इसी तरह करोड़ों रुपए हड़पने का मुकदमा दर्ज हो रखा है। उसे जब उक्त मुकदमे का पता चला तो उसने राजकुमार, उसके भाइयों अनिल कुमार व सुनील कुमार व इनके पिता विजय सिंह से सम्पर्क किया तो ये लोग बहाने बनाने लगे कि उन्होंने तो उस जैसे व्यक्तियों के करोड़ों रुपए देने हैं, उससे जो बनता है वो कर ले। पुलिस ने पिता-पुत्रों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई देवीलाल के सुपुर्द किया है। Hanumangarh News

    Girl missing: रात्रि को घर से गायब हुई 16 वर्षीय किशोरी