Rajasthan Weather Update: हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है, जिससे गर्मी के तेवर फिलहाल ढीले पड़ गए हैं। बुधवार सुबह से शुरू हुई हल्की व रिमझिम बारिश का दौर गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा, वहीं रात के समय भी बूंदाबांदी होती रही। लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे एक बार फिर ठंड का अहसास होने लगा है। Weather News Today
सुबह-शाम घरों से बाहर निकले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। कृषि के लिहाज से यह बारिश गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन यदि इसके साथ तेज हवाएं चलती हैं तो पकाव पर खड़ी फसल के जमीन पर बिछने (लॉजिंग) की आशंका भी बढ़ जाती है। वहीं बदले मौसम के कारण सरसों की कटाई का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
गेहूं को फायदा, तेज हवा से फसल गिरने का खतरा, सरसों कटाई प्रभावित
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय बना हुआ है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम प्रभावित हो रहा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें सर्वाधिक 16.6 मिमी वर्षा बाड़मेर में रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है, जबकि जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
इसके बाद 21 मार्च को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, वहीं 22 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। आंधी और बारिश के प्रभाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। Weather News Today















