हमसे जुड़े

Follow us

13.1 C
Chandigarh
Saturday, February 7, 2026
More
    Home राज्य दिल्ली/यूपी बारामूला में ...

    बारामूला में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में मेजर घायल

    Encounter in Srinagar

    बारामूला। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार सुबह घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच शुरू हुई मुठभेड़ में सेना के एक मेजर घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर के विशेष अभियान समूह और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने आज तड़के बारामूला के येदीपोरा, पट्टन में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। सभी निकास मार्गों को सील करने के बाद सुरक्षा बलों ने घर-घर तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल लक्षित स्थान की ओर बढ़ रहे थे तो वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी।

    आतंकवादियों की शुरुआती गोलीबारी में सेना के एक मेजर घायल हो गये। उनकी पहचान 29 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर रोहित मेहरा के रूप में की गयी है। उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था। सूत्रों ने बताया कि इलाके में दो से तीन आतंकवादी मौजूद हैं। निकटवर्ती इलाकों में कानून- व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।