Haryana: कैथल ( सच कहूं न्यूज़ ) जिला स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए अभियान तेज कर दिया है | स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया को लेकर सर्वे चलाया जा रहा है। इस सर्वे के तहत डोर-टू-डोर जाकर घर व दुकानों पर लार्वा की जांच की जाती है। जिले में पहली बार सीजन में मलेरिया का केस सामने आया है। शहर के सिरटा रोड स्थित महादेव कालोनी में एक महिला मलेरिया पाजिटिव मिली है। सैंपल रिपोर्ट पाजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कालोनी का दौरा किया | आसपास के घरों में सर्वे कर बुखार से पीड़ित लोगों के खून के नमूने लिए गए। विभाग के अनुसार अब तक मलेरिया को लेकर 48 हजार 269 ब्लड स्लाइड बनाई गई हैं, वहीं डेंगू को लेकर 294 खून के सैंपल लिए गए हैं, जो नेगेटिव आए हैं। 389 जगहों पर लार्वा मिलने के बाद नोटिस दिया गया है |
पिछले साल मिला था एक केस | Haryana
जिले में वर्ष 2017 के बाद आठ साल बाद वर्ष 2024 में मलेरिया का पाजिटिव केस मिला था। वहीं इस साल भी अब तक एक केस मिल चुका है। जिला नागरिक अस्पताल में अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। जिले में डेंगू के पिछले साल 77 केस मिले थे। वर्ष 2023 में 118 केस सामने आए थे।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मलेरिया का इस सीजन में एक केस मिल चुका है। फ़िलहाल महिला की हालत ठीक है। डरने वाली कोई बात नहीं है।