हमसे जुड़े

Follow us

15.1 C
Chandigarh
Saturday, February 14, 2026
More
    Home राज्य पंजाब मलोट को मिली ...

    मलोट को मिली विकास की रफ्तार, कैबिनेट मंत्री ने लाइब्रेरी, सड़कों और बैंक शाखा का किया उद्घाटन

    Malout News
    Malout News: मलोट को मिली विकास की रफ्तार, कैबिनेट मंत्री ने लाइब्रेरी, सड़कों और बैंक शाखा का किया उद्घाटन

    नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कानून की पकड़ की जा रही मजबूत: डॉ. बलजीत कौर

    मलोट (सच कहूँ/मनोज)। Malout News: मलोट हलके में विकास की एक नई सुबह की शुरूआत उस समय हुई जब कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शिक्षा, सड़क सुविधाओं, वित्तीय सेवाओं और खेलों से संबंधित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। डॉ. कौर ने कहा कि ये प्रयास न केवल क्षेत्र की भौतिक प्रगति को मजबूत करते हैं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी नई दिशा प्रदान करते हैं। Malout News

    गांव फकरसर में नई लाइब्रेरी का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी ज्ञान की ज्योति हैं, जो युवाओं के मन में समझ और सपनों की चमक जगाती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इस मौके पर गांव में नवनिर्मित सड़कों का भी उद्घाटन किया गया, जिससे आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी और लोगों के दैनिक जीवन में सुगमता आएगी। मलोट शहर में दानेवाला चौक से छापियावाली रोड, श्री गुरु नानक देव जी चौक से अबोहर रोड तथा मलोट से पन्नीवाला रोड जैसी महत्वपूर्ण सड़कों के उद्घाटन के दौरान उन्होंने बताया कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही ये सड़कें शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देंगी।

    उन्होंने भरोसा दिलाया कि मलोट क्षेत्र की शेष सड़कों के निर्माण हेतु भेजे गए अनुमानों पर क्रमबद्ध कार्रवाई करते हुए शीघ्र ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पन्नीवाला से श्री मुक्तसर साहिब तक सड़क निर्माण कार्य भी जल्द शुरू करने की प्रक्रिया जारी है। नशों के विरुद्ध चल रही मुहिम पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में ‘युद्ध नशों के विरूद्ध’ अभियान सामाजिक जागरूकता का एक बड़ा आंदोलन बन चुका है। गांव स्तर पर गठित समितियां घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कानून की पकड़ मजबूत की जा रही है। Malout News

    इस मौके डायरेक्टर कोआॅपरेटिव बैंक सिमरनजीत सिंह, बलराम एसडीओ लोक निर्माण विभाग, सुखपाल सिंह सरपंच एवं प्रधान ट्रक यूनियन, बिट्टू जटाना ब्लॉक समिति सदस्य, गुरमेल सिंह सरपंच घुमियारा, टोनी गर्ग, गुरमीत सिंह विरदी, कुलदीप सिंह ब्लॉक प्रधान, हरमेल सिंह संधू काउंसलर, गगनदीप सिंह औलख, करमजीत शर्मा, रमेश अरनीवाला मीडिया इंचार्ज, लव बत्तरा, जोनी गर्ग, कैबिनेट मंत्री के पीए शिंदरपाल सिंह तथा निजी सहायक अर्शदीप सिंह सिद्धू उपस्थित थे।

    लोगों को वित्तीय लेन-देन में होगी आसानी: डॉ. कौर

    गांव तरखाणवाला में बैंक शाखा के उद्घाटन समारोह में भाग लेते हुए उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता से लोगों को वित्तीय लेन-देन में आसानी होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी व सीधे तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचेगा। इसके साथ ही गांव महाबद्धर में आयोजित खेल टूर्नामेंट में उपस्थिति दर्ज कराते हुए डॉ. कौर ने युवाओं को प्रेरित किया कि खेल स्वस्थ और अनुशासित जीवन की नींव हैं, जो नशों से दूर रहने और सकारात्मक सोच को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

    यह भी पढ़ें:– पंचमुखी महादेव मंदिर लिंक मार्ग में घटिया निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने रुकवाया काम; एसडीएम से शिकायत