हमसे जुड़े

Follow us

13.2 C
Chandigarh
Wednesday, February 11, 2026
More
    Home कारोबार Share Market:...

    Share Market: इजराइल-हमास संघर्ष और आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी बाजार की नजर

    Share Price

    मुंबई (एजेंसी)। Share Market: अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में जबरदस्त तेजी के दबाव में बीते सप्ताह ढाई प्रतिशत लुढ़क चुके घरेलू शेयर बाजार की अगले सप्ताह इजराइल-हमास संघर्ष और स्थानीय स्तर पर पीएमआई एवं कंपनियों के तिमाही परिणाम जैसे महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर नजर रहेगी। बीते सप्ताह बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1614.82 अंक अर्थात 2.5 प्रतिशत का गोता लगाकर सप्ताहांत पर 63782.80 अंक पर आ गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 495.4 अंक यानी 2.53 प्रतिशत की गिरावट लेकर 19047.25 अंक पर रहा।

    समीक्षाधीन सप्ताह में दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों पर भी भारी बिकवाली का दबाव रहा। मिडकैप 768.35 अंक अर्थात 2.4 प्रतिशत लुढ़ककर सप्ताहांत पर 31112.51 अंक और स्मॉलकैप 1310.69 यानी 3.43 प्रतिशत टूटकर 36888.03 अंक रह गया। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रही अशांति और भविष्य की आर्थिक वृद्धि पर उच्च ब्याज दरों के संभावित प्रभावों पर चिंताओं के कारण निवेशकों के विश्वास में गिरावट आई है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली का असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। हालांकि, अमेरिका की तीसरी तिमाही की जीडीपी वृद्धि का अनुकूल होना और अमेरिकी मुद्रास्फीति में नरमी आने के कारण बॉन्ड यील्ड में कमी आने से सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन में घरेलू सूचकांकों में कुछ सुधार हुआ है। Share Market

    वहीं, वैश्विक बाजार की अस्थिरता से घरेलू बाजार में सुधार में देरी होने की उम्मीद है क्योंकि वैश्विक बाजार ऊंची ब्याज दर और भू-राजनीतिक तनाव के कारण दुनिया की अर्थव्यवस्था में और मंदी के जोखिम का खतरा है। एफएमसीजी, उपभोग, उर्वरक जैसे क्षेत्रों और बुनियादी ढांचे, आवास जैसे मुख्य क्षेत्रों में संभावित विकास के अवसर पेश करने की उम्मीद है। अल्पावधि में, बाजार की धारणा सतर्क बनी हुई है निवेशक पश्चिम एशिया के विकास, कंपनियों के तिमाही परिणाम और घरेलू पीएमआई सहित प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

    घरेलू स्तर पर अगले सप्ताह टीवीएस मोटर, भारती एयरटेल, एलटी, आईओसीएल, गेल इंडिया, अडानी टोटल गैस, टाटा स्टील, सन फार्मा, हीरो मोटोकॉर्प, इंद्रप्रस्थ गैस, अडानी इंटरप्राइजेज, टाटा मोटर्स, अडानी पावर, यूको बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों के वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही के परिणाम जारी होने वाले हैं।
    बीते सप्ताह मंगलवार को दशहरा पर अवकाश के कारण बाजार में चार दिन ही कारोबार हुआ। इनमें से तीन बाजार में हाहाकार रहा जबकि एक दिन तेजी आई। इजरायल-हमास युद्ध के बीच अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में जबरदस्त तेजी से विश्व बाजार में भारी गिरावट से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा बिकवाली से सोमवार को सेंसेक्स 825.74 अंक का गोता लगाकर 64,571.88 अंक और निफ्टी 260.90 अंक की गिरावट लेकर 19,281.75 अंक पर आ गया। Stock Market

    इजराइल-हमास संघर्ष के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और कंपनियों के कमजोर तिमाही परिणाम से विश्व बाजार के मिलेजुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर हुई मुनाफावसूली के दबाव में बुधवार को सेंसेक्स 522.82 अंक का गोता लगाकर 64049.06 अंक और निफ्टी 159.60 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 19122.15 अंक पर आ गया। इसी तरह अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड के ग्यारह आधार अंक बढ़कर पांच प्रतिशत के करीब पहुंचने से फेड रिजर्व के ब्याज की दर को आगे भी उच्च स्तर पर बनाये रखने की आशंका में विश्व बाजार में आई गिरावट से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा बिकवाली से गुरुवार को सेंसेक्स 900.91 अंक लुढ़ककर 63148.15 अंक और निफ्टी 264.90 अंक की गिरावट के साथ 18857.25 अंक रहा गया। Share Market

    वहीं, अमेरिकी अर्थव्यवस्था के तेजी से बढ़ने के आंकड़े से विश्व बाजार में आई तेजी के बीच स्थानीय स्तर पर कंपनियों के मजबूत तिमाही परिणाम से उत्साहित निवेशकों की चौतरफा लिवाली की बदौलत शुक्रवार को सेंसेक्स 634.65 अंक की उड़ान भरकर 63782.80 अंक और निफ्टी 190 अंक की तेजी के साथ 19047.25 अंक पर पहुंच गया।

    यह भी पढ़ें:– केरल में देश की आंतरिक सुरक्षा पर अटैक

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here