अहमदाबाद (एजेंसी)। मार्को यानसन (चार विकेट) के बाद कप्तान एडन मारक्रम (नाबाद 86 ) की शानदार विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को टी-20 विश्वकप के 24वें मुकाबले में न्यूजीलैंड को 17 गेंदे शेष रहते 7 विकेट से शिकस्त दी। मार्को यानसन को ‘प्लेयर आॅफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए एडन मारक्रम और क्विंटन डी कॉक की सलामी जोड़ी अच्छी शुरूआत करते हुए पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। पांचवें में लॉकी फर्ग्युसन ने क्विंटन डी कॉक 14 गेंदों में (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। रायन रिकलटन 11 गेंदों में (21) और डेवाल्ड ब्रेविस 17 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुये। दक्षिण अफ्रीका ने 17.3 ओवर में तीन विकेट पर 178 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। एडन मारक्रम ने 44 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 86 रनों की मैच विजयी पारी खेली। डेविड मिलर ने 17 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाये। डेविड मिलर ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्युसन, जिमी नीशम और रचिन रविंद्र ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां मार्क चैपमैन (48), डैरिल मिचेल (32) और फिन (31) की शानदार पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 175 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को 64 के स्कोर तक मार्को यानसन ने शुरूआती तीन झटके दिये। टिम साइफर्ट (13), रचिन रविंद्र (13), फिन ऐलन (31) रन बनाकर आउट हुये।
चौथे विकेट के रूप में ग्लेन फिलिप्स (एक) को केशव महाराज ने बोल्ड आउट किया। ऐसे संकट के समय मार्क चैपमैन और डैरिल मिचेल की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिये 74रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में मार्को यानसन ने मार्क चैपमैन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। चैपमैन ने 26 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 48 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में लुंगी एन्गिडी ने डैरिल मिचेल को अपना शिकार बना लिया। डैरिल मिचेल ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। कप्तान मिचेल सैंटनर चार रन बनाकर आउट हुये। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 175 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिमी नीशम ने 15 गेंदों में 23 रनों की नाबाद पारी खेली। मैट हेनरी नौ रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन ने चार विकेट लिये। लुंगी एन्गिडी , केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।















