हमसे जुड़े

Follow us

27.1 C
Chandigarh
Tuesday, March 17, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा दिनदहाड़े लूट:...

    दिनदहाड़े लूट: नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर कारोबारी से 9.75 लाख छीने

    Bhuna News
    सांकेतिक फोटो

    सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

    भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Bhuna News: टोहाना रोड पर भट्टू गांव से पहले मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे दिनदहाड़े लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने संध्या आयुर्वेदिक मार्केटिंग कंपनी के संचालक शेर सिंह गोदारा को निशाना बनाते हुए पिस्तौल के बल पर 9 लाख 75 हजार रुपए लूट लिए और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार शेर सिंह गोदारा मंगलवार सुबह अपनी बाइक पर भूना से भट्टू होते हुए पिरथला के रास्ते उकलाना वाहन खरीदने जा रहे थे। जब वह भट्टू गांव से कुछ दूरी पहले पहुंचे, तभी सामने से एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवक आए और उन्हें रुकने का इशारा किया।

    जैसे ही शेर सिंह ने बाइक रोकी, एक बदमाश ने उन पर पिस्तौल तान दी, जबकि दूसरे युवक ने उनके बैग से नकदी निकाल ली। बताया जा रहा है कि बैग में 9 लाख 75 हजार रुपए की राशि थी। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।

    सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस | Bhuna News

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। कुछ बिंदुओं पर पुलिस को मामला संदिग्ध भी लग रहा है, जिसके चलते हर एंगल से जांच की जा रही है।

    पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। हालांकि देर शाम तक लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। Bhuna News

    यह भी पढ़ें:– नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से किया सामूहिक दुराचार, मामला दर्ज