सरसा (सच कहूँ न्यूज)। यूके भेजने के नाम पर 26 लाख 19 हजार 200 रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में शातिर गिरोह की एक महिला ठग को सरसा की आर्थिक अपराध शाखा की एक पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि ऐलनाबाद थाना क्षेत्र के गांव मौजू की ढाणी निवासी पीड़ित व्यक्ति विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार सहित विदेश जाने का इच्छुक था और कुछ समय पहले उसकी मुलाकात सुखेराखेड़ा निवासी राजन से हुई। राजन ने पीड़ित व्यक्ति से कहा कि उसका भाई अमनदीप व सचिन यूके में रहते है और मैं उनसे बात कर आपको जल्द ही यूके भिजवा दूगां आप पैसों का इंतजाम करें। Sirsa News
उन्होंने बताया कि राजन ने पीड़ित को परिवार सहित यूके भेजने का पूरा प्रोसस बताते हुए 32 लाख रुपए की डिमांड की और पूरे परिवार को वर्क परमिट वीजा पर यूके भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि राजन वगैरा ने फर्जी दस्तावेज तैयार करवा कर जल्द यूके भेजने का वीजा लगवाने का आश्वासन देकर पीड़ित व्यक्ति से अमनदीप और उसके परिवार के सदस्यों ने 26 लाख 19 हजार 200 रुपए की धोखाधड़ी कर ली और उसे विदेश भेजने का झांसा देते रहे। जब विनोद कुमार ने समय पर वीजा या विदेश यात्रा की स्थिति के बारे में पूछा, तो आरोपियों ने उन्हें हर बार एक नया बहाना दे दिया और झूठे आश्वासन देने लगे।
जांच आर्थिक अपराध शाखा सरसा पुलिस को सौंपी गई
हाल ही में, जब पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया, तो उन्हें यह बताया गया कि अब और 9 लाख रुपए की जरूरत है, लेकिन यह राशि देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्पष्ट हो गया कि आरोपियों ने उन्हें धोखा दिया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर 3 सिंतबर 2025 को थाना ऐलनाबाद में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध शाखा सरसा पुलिस को सौंपी गई थी।
एसपी दीपक सहारण ने बताया कि जांच के दौरान आर्थिक अपराध शाखा की एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में सलिंप्त महिला आरोपियान माया देवी पत्नी रमेश कुमार उर्फ भोला राम निवासी गांव सुखेराखेड़ा तहसील डबवाली जिला सरसा को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार की गई महिला आरोपिया को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। एसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है जो भी व्यक्ति इस घटना में संलिप्त पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। Sirsa News















