सरदूलगढ़/मानसा (सच कहूँ न्यूज)। Sardulgarh News: पंजाब सरकार द्वारा गाँवों में लाल लकीर के अंदर रहने वाले लोगों को उनके घरों का वास्तविक मालिक बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत सरदूलगढ़ के गाँव करीपुर डुम में एक प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक गुरप्रीत सिंह बणांवाली ने विशेष रूप से शिरकत करते हुए 73 लाभार्थी परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र वितरित किए। Mansa News
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार आम लोगों की समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कई परिवार दशकों से अपने घरों में रह रहे थे, लेकिन उनके पास कोई कानूनी दस्तावेज या मालिकाना हक नहीं था, जिससे उन्हें बैंक लोन लेने या संपत्ति के लेन-देन में परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना ऐसे लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना के माध्यम से अब गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को अपने घर का पूरा अधिकार मिल गया है, जिससे उनकी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई है। वहीं एसडीएम हरजिन्द्र सिंह जस्सल ने बताया कि प्रशासन द्वारा पारदर्शी तरीके से सर्वे पूरा कर इन प्रमाण पत्रों को तैयार किया गया है, ताकि हर पात्र व्यक्ति को इसका लाभ मिल सके। Mansa News
प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि जो काम पूर्व सरकारें वर्षों में नहीं कर सकीं, वह मौजूदा सरकार ने कर दिखाया है। इस अवसर पर तहसील प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न गाँवों के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:– Mirapur Police: मीरापुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, लूटा गया आयसर कैन्टर बरामद















