छछरौली, सच कहूं न्यूज़ राजेंद्र कुमार। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा सरकार के केन्द्र में 11 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा से भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने शिरकत की उनके साथ विधायक घनश्याम दास अरोड़ा,मेयर सुमन बहमनी, चेयरमैन रमेश कुमार ठसका, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, पूर्व विधायक ईश्वर पलाका, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जिला महामंत्री सुरेन्द्र बनकट,भाजपा जिला यमुनानगर मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग ,जिला लोक सम्पर्क अधिकारी मनोज कुमार साथ रहें। भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत देश के इतिहास में मोदी सरकार का यह कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह कार्यकाल ’विकसित भारत’ और ’आत्मनिर्भर भारत’ के “संकल्प की सिद्धि“ का स्वर्णिम काल बन रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का अमृत काल,सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के सफल 11 साल है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी वही है जो पहले की सरकारों में होती थी सिर्फ कुर्सी पर बैठने वाला व्यक्ति बदला है जिनका नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी है जिसने भारत देश को बदला है। विश्व में पीएम मोदी के नाम का डंका बज रहा है और कांग्रेस की बैंड बज रही है। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने जहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा सरकार की 11 साल की उपलब्धियां गिनवाई वहीं कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया।प्रधानमंत्री मोदी के पास 11 साल का नहीं, बल्कि पचास साल का विजन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों में देश भक्ति की भावना को जगाया है। इन 11 वर्षों में विकास का काम हुआ है। भारत की अर्थव्यवस्था 2 ट्रिलियन डॉलर थी लेकिन आज वह 2 ट्रिलियन से बढ़कर 4.3 ट्रिलियन बन गई है,मैं बहुत गर्व से कह सकती हूं कि मोदी 3.0 में अभी और 4 साल हैं, विकसित भारत बनाने के लिए एक नींव डाली जा रही है।पीएम मोदी ने इन 11 वर्षों में परिश्रम से परिकाष्ठा का मिसाल दी है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकियों के ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट करने का कार्य किया है ,पूरे विश्व में भारतीय सेना की धाक जमी है, भारत की सफल विदेश नीति की कूटनीति की चर्चा चारों ओर है हर विदेशी देश भारत के साथ मित्रता करना चाहता है, भारत एक शक्तिशाली देश है।राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी ने अकेले नहीं, बल्कि खुद को तपा कर 140 करोड़ देशवासियों के परिश्रम, त्याग और सपनों को साकार किया है।
मोदी सरकार का यह कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत की सोच में जहां तकनीक है, वहीं तरक्की निहित है, नई शिक्षा नीति लागू करना बहुत बड़ी उपलब्धि है।जहां भाजपा सरकार है, वहां गरीब का कल्याण है। मोदी सरकार देश की राजनीति में पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस लेकर आई है। 2014 से पहले के भारत में भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण की ही बात सामने आती थी, लेकिन अब विकास, अविष्कार और नवाचार की बातें हो रही हैं। कांग्रेस की सरकार में सरकारी योजनाओं के पैसे लोगों तक नहीं पहुँचते थे, बिचौलिये खा जाते थे, लेकिन अब पैसा सीधे जनता के अकाउंट में पहुँच रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना से गरीबों का मुफ्त इलाज हो रहा है।राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि पहले हम इम्पोर्ट पर आश्रित थे, आज मेक इन इंडिया की ताकत से एक्सपोर्ट में लीड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त निर्णय लेने में सक्षम हो रहा है। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, यह हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। कांग्रेस के राज में इंदिरा से लेकर मनमोहन तक सिर्फ गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन अब आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार में 27 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं।
केन्द्र सरकार की योजनाओं में गरीब केन्द्र बिन्दु है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, पीएम जनधन योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि आदि अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीबों का कल्याण हो रहा है। भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में घोटालों का अँधेरा दूर हुआ है और सुशासन का प्रकाश फैल रहा है। ये 11 साल हमारी महान संस्कृति के पुनरुद्धार और धार्मिक जागरण के रहे हैं। इन 11 सालों में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, जीएसटी लागू करना, वक्फ बिल जैसे सख्त निर्णय लिए गये है।हरियाणा की नायब सरकार मोदी सरकार के दिशा निर्देशों पर जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चिरायु-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे का विस्तार कर किया है। भाजपा सरकार ने वृद्धावस्था सम्मान भत्ता तीन गुना बढ़ाकर 2024 में 3,000 रुपये प्रति माह कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान हितैषी सरकार है। अन्नदाताओं को डीबीटी द्वारा आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है। प्रदेश में 79 सरकारी कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें से 32 विशेष रूप से लड़कियों के लिए हैं और अब 20 किलोमीटर के दायरे में एक कॉलेज है। साथ ही 13 नये विश्वविद्यालय भी स्थापित किए गए। प्रदेश में ’हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत 13 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। हरियाणा देश में 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने वाला पहला राज्य बना है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरियां भाजपा शासन में ही मिलना संभव हुआ है।