हमसे जुड़े

Follow us

31 C
Chandigarh
Monday, March 2, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा हरियाणा विधान...

    हरियाणा विधानसभा: ऑक्सीजन की कमी से प्रदेश में कोई मौत नहीं हुई: सरकार

    Haryana News

     कोरोना में हुई मौतों पर सच छुपा रही है सरकार: कांग्रेस

     पेपर लीक, कृषि और किसानों के मुद्दे केंद्र में रहे, सत्र हंगामेदार होने के पूरे आसार

    चंडीगढ़ (अनिल कक्कड़)। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को शुरू हो गया। पांच दिन के सत्र में शनिवार और रविवार दो दिन छुट्टी रहेगी। तीन दिन ही कार्यवाही चलेगी। शुक्रवार को शोक प्रस्ताव के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की गैर मौजूदगी में डिप्टी सीएम दुष्यंत चैटाला ने शोक प्रस्ताव पढ़े। सत्र की शुरूआत से पहले कांग्रेसी विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में विधानसभा तक मार्च निकाला जहां उनकी सुरक्षा कर्मियों से नोक-झोंक भी हुई। वहीं सदन के अंदर कोरोना काल के दौरान आॅक्सीजन की कमी से हुई मौतें, किसानों पर दर्ज हुए देशद्रोह के मामले और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष में खूब बहस हुई। स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि विधानसभा सत्र तीन दिन का रहेगा लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो इसे बढ़ाया जा सकता है। प्रश्न काल तीनों दिन होगा। विपक्ष की तरफ से पेपर बिल को लेकर कॉल अटेंशन प्रस्ताव आए हैं। सरकार की तरफ से प्रदेश में पेपर लीक रोकने पर बिल लाया जाएगा जिस पर विधानसभा में बहस होगी और सुझाव सुने जाएंगे। सत्र की शुरूआत में प्रश्न काल के दौरान हरियाणा सरकार ने विधानसभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि कोविड की दूसरी लहर में आॅक्सीजन की कमी से कोई मौत नहीं हुई है। राज्य में कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। कोविड से 24 मार्च से 31 जुलाई तक 9635 लोगों ने जान गंवाई वहीं 26 डॉक्टरों व अन्य स्टाफ को 50 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान किया गया। वहीं

    ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया

    हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सत्र के दौरान सदन की ओर से टोक्यो ओलम्पिक-2020 खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाडियों को बधाई दी। उन्होंनें कहा कि सदन को इस बात पर गर्व है कि इस बार ओलम्पिक में भाग लेने वाले देश के 127 खिलाडियों में से 30 खिलाड़ी हरियाणा के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि यह सदन जेवलियन थ्रो में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, रजत पदक विजेता पहलवान रवि दहिया और कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया को बधाई देता है । नीरज चोपड़ा ने तो ओलम्पिक खेलों के 121 सालों के इतिहास में देश को ट्रैक एण्ड फील्ड खेलों का पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाया है। उन्होंने कहा कि 41 वर्ष बाद हॉकी में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष टीम में भी 2 खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार व सुमित कुमार हरियाणा के हैं। इन खेलों में देश की महिला हॉकी टीम में हरियाणा से 9 खिलाडी थीं। उन्होंने जिस कौशल और दमखम के साथ ओलम्पिक में प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक पहुंचीं, उसकी सर्वत्र सराहना हुई है । हमें अपनी इन बेटियों पर गर्व है।

    आॅक्सीजन की कमी से मौतों का सच छिपा रही सरकार

    सदन में चर्चा के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार जनता से कोरोना और आॅक्सीजन की कमी से मौतों का सच छिपा रही है। मौतों का सही आंकड़ा पता लगाने के लिए सरकार को उच्च स्तरीय कमेटी बनानी चाहिए। साथ ही सरकार को बताना चाहिए कि उसने पहली और दूसरी लहर के दौरान हुए नुकसान से क्या सबक लिया? अगर तीसरी लहर आती है तो उससे निपटने के लिए अबतक कितने डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ की भर्ती की गई है?

    विधानसभा में पत्रकारों की एंट्री पर बैन

    शुक्रवार से शुरू हुए विधानसभा सत्र की कवरेज के लिए विधानसभा परिसर में मीडिया कर्मियों को प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस बात पर सत्ता और विपक्ष के विधायकों ने ऐतराज जताया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया चैथा स्तंभ है और सदन की कार्यवाही को कवर करनें का हमेशा से पत्रकारों को अधिकार दिया जाता रहा है तो अब पत्रकारों को विधानसभा की कार्रवाई से क्यों रोका जा रहा है। उधर सरकार में हिस्सेदार जजपा पार्टी के टोहाना से विधायक देवेंद्र बबली ने कहा है कि मीडिया चैथा स्तंभ उसको हम विधानसभा की कवरेज करने से नहीं रोक सकते ..इसलिए पत्रकारों को विधानसभा में प्रवेश करने दिया जाए।

    कुलदीप बिश्नोई और किरण चौधरी को विशेषाधिकार कमेटियों से हटाया

    हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने विधायक कुलदीप बिशनोई को शहरी निकाय व पंचायती राज संस्थान समिति तथा विशेषाधिकार समिति की सदस्यता से तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही, विधायक किरण चौधरी तथा सोमबीर सांगवान को भी विशेषाधिकार समिति से तुरंत प्रभाव से हटा दिया गया है। वहीं विधायक शैली को वर्ष 2021-22 की शेष अवधि के लिए जन स्वास्थ्य, सिंचाई, बिजली एवं लोक निर्माण (भवन एवं सडकें) की सबजेक्ट कमेटी की विशेष आमंत्री मनोनीत किया। इसी प्रकार, विधायक राम कुमार को वर्ष 2021-22 की शेष अवधि के लिए याचिका समिति का विशेष आमंत्री मनोनीत किया गया है। इसके अतिरिक्त, विधायक नरेन्द्र गुप्ता को वर्ष 2021-22 की शेष अवधि के लिए शहरी निकाय व पंचायती राज संस्थान समिति और विधायक शमशेर सिंह गोगी को वर्ष 2021-22 की शेष अवधि के लिए विशेषाधिकार समिति का विशेष आमंत्री मनोनीत किया गया है।

     

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।