हनुमानगढ़। कृषि भूमि को लेकर चल रही रंजिश के बीच खेत से सरसों की तैयार फसल चोरी करने का मामला सामने आया है। रावतसर पुलिस थाना ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में गांव न्योलखी निवासी साहबराम (53) पुत्र दलूराम जाट ने बताया कि वह कृषि कार्य करता है और उसकी गांव में कृषि भूमि है। उसने अपने हिस्से की करीब आधा बीघा जमीन में सरसों की फसल बोई थी, जो पककर तैयार होने के बाद काटकर खेत में रखी हुई थी। Hanumangarh News
चोरी गई फसल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं
परिवादी के अनुसार गांव का ही नन्दराम पुत्र दलूराम उससे जमीन को लेकर रंजिश रखता है और पहले भी उसकी सरसों की फसल जबरन ले जाने की धमकी दे चुका था। इस संबंध में उसने 18 मार्च को रावतसर पुलिस थाना में शिकायत भी दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 29 मार्च को वह अपनी फसल संभालकर घर लौट आया था। इसके बाद रात के समय आरोपी नन्दराम, बेगराज पुत्र दलूराम व बृजलाल पुत्र हंसराज ने मिलकर उसकी आधा बीघा में कटी हुई सरसों की फसल को थ्रेसर से निकालकर चोरी कर लिया। चोरी की गई सरसों करीब 3 क्विंटल बताई जा रही है।
आरोप है कि आरोपी अपनी फसल के साथ-साथ उसकी फसल भी निकालकर ले गए। सुबह जब साहबराम खेत पर पहुंचा तो फसल गायब मिली, जिसके बाद उसे चोरी का पता चला। परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी नन्दराम उसकी कृषि भूमि में खड़ी नरमा (कपास) की फसल को नुकसान पहुंचा चुका है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल विजय सिंह को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा चोरी गई फसल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। Hanumangarh News















