हमसे जुड़े

Follow us

12 C
Chandigarh
Sunday, February 8, 2026
More
    Home देश झारखंड: प्रधा...

    झारखंड: प्रधानमंत्री ने कहा- जब तक मोदी है, जंगल, जमीन और परिवार को कोई पंजा हाथ नहीं लगा पाएगा

    Narendra modi

    ‘विपक्ष ने अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी कर ली है’

    रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को झारखंड के लोहरदगा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष (Narendra modi) ने हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी कर ली है, जैसे कोई बच्चा परीक्षा के नतीजों से पहले परेशानी गिनाने लगता है। जब तक मोदी है, तब तक आपकी जमीन, जंगल और परिवार को कोई पंजा हाथ नहीं लगा पाएगा। झारखंड में पहला चरण का चुनाव 29 अप्रैल को लोहरदगा, चतरा और पलामू में होना है। इन तीनों सीटों पर 2014 के चुनाव में भाजपा जीती थी। लोहरदगा से केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत भाजपा प्रत्याशी हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी विधायक सुखदेव भगत से है।

    ‘नक्सलवाद पर काबू पाने में कामयाब रहे’

    मोदी ने कहा, ”देश की जनता अपने चौकीदार पर प्यार बरसा रही है तो बेचारी ईवीएम को गाली खानी पड़ रही है। जो लोग दिन में तीन बार पीएम बनने के सपने देखते हैं। उनके सपने चूर-चूर हो गए। हम देश को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली में मजबूत सरकार बनी तभी हम नक्सलवाद और माओवाद पर काबू पा सके हैं। झारखंड के उन इलाकों में जहां लोग दिन में निकलने से डरते थे, वहां स्थितियां बदल रही हैं।”

    ‘आतंकियों को घर में घुसकर मारा’

    प्रधानमंत्री ने कहा, ”झारखंड के युवा मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। दिल्ली में बैठकर गांव-देहात की बात करने वालों को इस परिवर्तन को देखना चाहिए। आज आतंकवाद सबसे बड़ी चुनौती है। ईस्टर के दिन आतंकियों ने श्रीलंका में धमाके किए। यह दिन मानवता का प्रतीक है और आतंकियों ने प्रार्थना कर रहे लोगों की जान ले ली। कुछ साल पहले भारत में भी ऐसा ही माहौल था। पाक आतंकी भेजता था और कांग्रेस उनकी मौत पर डर-डर कर आंसू बहाने लगती थी। पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देने का काम आपके चौकीदार ने किया है। हमने आतंकियों को घर में घुसकर मारा। आतंकियों को भारत के खिलाफ किए हर गुनाह की सजा जरूर मिलेगी।”

    ‘कांग्रेस एक परिवार के लिए शासन चला रही’

    मोदी ने कहा, “वे (विपक्ष) कभी नहीं मानेंगे कि पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक हुई। कांग्रेस सेना पर शक कर रही है। झारखंड से जो बेटे-बेटी फौज में गए हैं, उनकी नीयत पर शक किया जा सकता है क्या? लेकिन कांग्रेस इस पर शक कर रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कहा कि फौज में तो वही नौजवान जाते हैं, जिन्हें दो वक्त की रोटी नसीब नहीं होती। ऐसी सोच रखने वालो डूब मरो। कांग्रेस क्या भाषा बोल रही है। देश का सपूत दुश्मन को मारने और जरूरत पड़ने पर सीने पर गोली खाने के लिए मां के पैर छूकर घर से निकलता है।

    “कांग्रेस जब-जब भी सरकार में आती है। देश में नक्सलियों का समर्थन और हिंसा बढ़ जाती है। कांग्रेस सिर्फ एक परिवार के लिए सरकार चलाती है। वे एक परिवार की तारीफ करते हैं। उन्हें सिर्फ एक ही रत्न दिखता है। इस परिवार के सामने उन्हें बिरसा मुंडा नहीं दिखते। कांग्रेस ने कभी गरीबों की भलाई की परवाह नहीं की, बल्कि उन्हें सिर्फ वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया।”

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें