गांव का ही निकला एक आरोपी, जेवर लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने गांव ढूकड़ा में दंपति को बंधक बनाकर सोने के आभूषण लूटने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। जानकारी के अनुसार गांव ढूकड़ा निवासी गोपीराम सिहाग की ढाणी में नकाबपोश युवकों ने देर रात धावा बोल दिया। आरोपियों ने गोपीराम और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और कमरे में बंद कर दिया। घर की तलाशी लेने के बावजूद जब कोई सामान नहीं मिला तो बदमाश महिला के कानों की बालियां और नाक का कोका छीनकर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। Sirsa News
घटना के कुछ ही मिनट बाद दंपति खिड़की के जरिए बाहर निकले और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव ढूकड़ा निवासी दीपक, गांव धिंगतानियां निवासी मदन और जगदीप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को काबू किया गया है। पुलिस अब उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी। Sirsa News















