लूट के पैसों से जीरकपुर के पास खरीदी जमीन
- राजा वड़िंग का पलटवार- सिद्धू सबूत पेश करें तो 20 एकड़ मुझे देकर बाकी खुद रख लें
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब कांग्रेस की पूर्व विधायक और नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने राजा वड़िंग को ‘सिरे का भ्रष्टाचारी’ करार देते हुए कहा कि वड़िंग ने लूट के पैसों से जीरकपुर के पास लगभग 100 एकड़ जमीन बनाई है। इसमें से 40 एकड़ जमीन खरीदी गई है जबकि 60 एकड़ जमीन फर्जी दस्तखत और अंगूठे लगवाकर हड़पी गई है।
नवजोत कौर सिद्धू के आरोपों के बाद राजा वड़िंग ने चुप्पी तोड़ते हुए उन्हें मानसिक रूप से बीमार बताया। उन्होंने कहा कि यदि सिद्धू के पास 100 एकड़ जमीन का सबूत है तो वह पेश करें। वड़िंग ने कहा कि वह वादा करते हैं कि उस जमीन में से केवल 15-20 एकड़ ही रखेंगे और बाकी 80 एकड़ जमीन सिद्धू अपने पास रख लें।
नवजोत कौर सिद्धू ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर यह आरोप लगाते हुए बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने दावा किया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं को सदस्य बनाते समय उनसे 75 रुपये शुल्क लिया और इस तरह 7.5 करोड़ रुपये इकट्ठा कर अपनी जेब में डाल लिए। सिद्धू ने पूछा कि वड़िंग इस पैसे का हिसाब देंगे कि यह राशि कहां खर्च की गई। उन्होंने कहा कि यदि वड़िंग निर्दोष हैं तो सबूतों के साथ मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखें।
मानसिक रूप से बीमार हैं नवजोत कौर सिद्धू: वडिंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा जिन लोगों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होती, उनके बारे में रोज बयान देना ठीक नहीं है। अगर कोई यह दावा करता है कि मेरे पास हजार एकड़ जमीन है, तो यह भी समझ लेना चाहिए कि वह जमीन पैसे देकर ही खरीदी गई होगी, यानी मेरे पास उतना पैसा होना स्वाभाविक है। वड़िंग ने तंज कसते हुए कहा कि अगर वास्तव में मेरे पास इतनी जमीन है, तो उसमें से सिर्फ 10-12 एकड़ मुझे दे दी जाए और बाकी जमीन नवजोत कौर सिद्धू खुद रख लें। Chandigarh News
नवजोत कौर सिद्धू सबकुछ सार्वजनिक करें: हरपाल चीमा
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पूरे पंजाब को पता है कि जब-जब कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही, तब-तब बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। आज वे खुद ही एक-दूसरे का पदार्फाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू को अच्छी तरह पता होगा कि उनके साथ कैबिनेट में कौन-कौन से मंत्री भ्रष्ट थे। मैं उनके बयान का स्वागत करता हूं। मेरा मानना है कि उन्हें सब कुछ सार्वजनिक करना चाहिए, उनके कौन-कौन से सहयोगी थे और किसने कितना भ्रष्टाचार किया। हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
यह भी पढ़ें:– Drone: कपूरथला की आधुनिक जेल के सुरक्षा टावर के पास गिरा ड्रोन















