नाकाबंदी पॉइंट्स पर चेकिंग व्यवस्था परखी, पुलिस को सतर्कता के निर्देश
हनुमानगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने शुक्रवार देर रात्रि औचक निरीक्षण करते हुए पुलिस की सक्रियता को परखा। एसपी मीना ने जंक्शन, टाउन एवं संगरिया क्षेत्र के विभिन्न नाकाबंदी पॉइंट्स का दौरा कर वहां चल रही चेकिंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा गश्त के दौरान आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की। Hanumangarh News
निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रात्रिकालीन गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा हर संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की सघन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात के समय पुलिस की सक्रियता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नाकाबंदी पॉइंट्स पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि गश्त के दौरान आमजन से संवाद बनाए रखते हुए उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए।
एसपी मीना ने कहा कि जिले में नियमित रूप से इस प्रकार के औचक निरीक्षण किए जाएंगे, ताकि पुलिस व्यवस्था में कसावट लाई जा सके और अपराधियों में भय का माहौल बना रहे। निरीक्षण के दौरान जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वा, टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई एवं संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होने के साथ ही अपराधियों में भी भय का माहौल बनने की उम्मीद जताई जा रही है। Hanumangarh News















