हमसे जुड़े

Follow us

33.4 C
Chandigarh
Wednesday, April 1, 2026
More

    Cylinder Delivery Issues: होम डिलीवरी नहीं, एजेंसी-गोदाम के चक्कर काटने को मजबूर उपभोक्ता

    Lawyers' Canteen
    सांकेतिक फोटो

    गैस वितरण में गड़बड़ी की शिकायत, एडीएम व रसद अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

    Cylinder Delivery Issues:हनुमानगढ़। जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। अवैध वसूली, कालाबाजारी और समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर व जिला रसद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सुशील बहल के अनुसार राज्य सरकार जहां गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। Hanumangarh News

    गैस एजेंसी और गोदामों के चक्कर लगाने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा। वरिष्ठ नागरिकों को होम डिलीवरी नहीं मिलने से सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। उन्हें ट्रॉली, एजेंसी या गोदाम तक जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है, जो उनके लिए अत्यंत कठिन है। उपभोक्ताओं से पंजीकृत मोबाइल नंबर के अलावा अन्य नंबरों पर ओटीपी साझा करने के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। साथ ही कुछ मामलों में बिना सिलेंडर प्राप्त किए ही डिलीवरी का संदेश मिलने से कालाबाजारी की आशंका जताई गई है।

    सुशील बहल ने प्रशासन से मांग की है कि गैस गोदाम से निकलने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सिलेंडरों का वास्तविक मूल्य और संबंधित उपभोक्ताओं की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए। इसके साथ ही गैस एजेंसी व गोदाम से सीधे वितरण पर रोक लगाकर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पूर्व में इस प्रकार की व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को राहत मिल चुकी है। प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।

    गैस, पेट्रोल-डीजल व बिजली दरों में राहत की मांग | Hanumangarh News

    हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आमजन को राहत देने की मांग की। ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम उपभोक्ता का बजट बिगड़ता जा रहा है। घरेलू एलपीजी गैस, कॉमर्शियल गैस और औद्योगिक डीजल के दामों में वृद्धि के कारण बाजार में वस्तुओं के दाम 10 से 40 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं।

    आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि एक ओर सरकार गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर आम उपभोक्ता को गैस सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है। घरेलू गैस की कालाबाजारी बढ़ रही है और होम डिलीवरी व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, ठेले और रेहड़ियों पर मिलने वाली खाद्य सामग्री के दामों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे आमजन के लिए रोजमर्रा का खर्च बढ़ गया है।

    महंगाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

    ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राजस्थान में पेट्रोल-डीजल के दाम पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा से अधिक हैं। साथ ही बिजली दरों में लगातार वृद्धि ने आम उपभोक्ता की परेशानी और बढ़ा दी है। आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि 450 रुपए में घरेलू एलपीजी गैस उपलब्ध करवाई जाए। पेट्रोल-डीजल के दाम पड़ोसी राज्यों के बराबर किए जाएं। बिजली दरों में सरचार्ज समाप्त कर राहत दी जाए। सरस डेयरी उत्पादों के दाम घटाए जाएं। सरकारी अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो। कालाबाजारी करने वाली गैस एजेंसियों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। खाद्य वस्तुओं की स्टॉक सीमा तय कर जमाखोरी पर रोक लगाई जाए। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। Hanumangarh News