हमसे जुड़े

Follow us

30.4 C
Chandigarh
Monday, March 30, 2026
More
    Home राज्य हरियाणा शाहपुर बेगू म...

    शाहपुर बेगू में करंट लगने से एक की मौत, आठ घायल

    वार्षिक मेले की तैयारियों के दौरान हुआ हादसा (Shahpur Begu)

    सरसा (सच कहूँ न्यूज)। निकटवर्ती गांव शाहपुर बेगू (Shahpur Begu) में रविवार दोपहर को डेरा बाबा भूमणशाह में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि आठ लोग झुलस गए। सोमवार को यहां आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों के चलते दोपहर करीब पौने दो बजे सेवादार निशान साहब का चोला बदलने के बाद उसे दोबारा निशान साहब को चढ़ा रहे थे। इसी दौरान हवा का तेज झोंका आने के कारण निशान साहब साथ से गुजर रही हाइटेंशन तारों को छू गया। हादसे में गांव के 32 वर्षीय राजेंद्र उर्फ जिंदू की मौके पर मौत हो गई।

    हादसे में डेरा भूमणशाह के ग्रंथी बलदेव सिंह (45), गांव बेगू निवासी शेर सिंह (40), 32 वर्षीय मंगत राम, 26 वर्षीय हरबंस, प्रेम सिंह, लवप्रीत, सौरभ, हीरा सिंह को भी करंट लगा। घायलों में मंगत व हरबंस को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं ग्रंथी बलदेव सिंह के भी हाथ झुलस गए। घटना के समय ये सभी नंगे पांव थे, जिस कारण उन्हें करंट लग गया। मृतक युवक राजेंद्र का एक बड़ा भाई और एक बहन है। मृतक दिहाड़ी मजदूरी करता था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद विद्युत निगम के जेई सुनील कंबोज व लाइनमैन देवीलाल मौके पर पहुंचे। वहीं सदर थाना सरसा पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर जांच की। मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा गया है।