लोगों के रोजमर्रा के कार्य पूरी तरह से बाधित
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: फसली सीजन के मद्देनजर विद्युत विभाग ने विद्युत आपूर्ति सुबह से लेकर शाम तक शटडाउन रखने के आदेश दिए हैं। ये आदेश 3 अप्रैल से लागू किए गए हैं। आदेशों के अनुसार खेतों व गांवों (एपी फीडर व आरडीएस फीडर) की विद्युत आपूर्ति सुबह 8:30 से लेकर शाम 6:00 बजे तक यानी 9 घंटे 30 मिनट तक आगामी आदेशों तक बंद रहेगी। इस विषय में सब डिवीजन पंजुआना के एसडीओ राजेन्द्र कुमार ने नुहियांवाली 400 केवी व ओढ़ां 132 केवी सबस्टेशन को पत्र जारी किया है। Odhan News
अधिकारी ने बताया कि इस समय गेहूं की फसल पककर तैयार है और खेतों में कटान का कार्य भी शुरू हो चुका है। ऐसे में एहतियात के तौर पर ये आदेश जारी किए गए हैं। शुक्रवार को शट डाउन के प्रथम दिन लोग विद्युत आपूर्ति को लेकर काफी परेशान दिखे। लोगों के रोजमर्रा के कार्य बुरी तरह से प्रभावित रहे तो वहीं पेयजल आपूर्ति सहित अन्य जरूरी कार्य पूरी तरह से बाधित रहे। अधिकारी ने बताया कि ये आदेश पूरे प्रदेशभर में है, जो आगामी आदेशों तक लागू रहेंगे। वहीं लोगों ने इस लंबे कट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आगजनी की घटनाएं खेतों में होती हैं, इसलिए चाहे खेतों की आपूर्ति बंद रखें, लेकिन गांवों में आपूर्ति क्यों बंद की गई है। कट लगने से उनके रोजमर्रा के कार्य बाधित होंगे तो वहीं पेयजल आपूर्ति न होने से भी परेशानी होगी। Odhan News















