रामपुरा ढिल्लों में 4-5 मिनट तक नोंचते रहे आवारा कुत्ते
Stray Dogs Attacks: नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। क्षेत्र के गांव रामपुरा ढिल्लों में शनिवार को आवारा कुत्तों के झुंड ने स्कूल से घर लौट रहे 9 वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को करीब 4-5 मिनट तक नोंचा, जिससे उसका शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामलाल का 9 वर्षीय बेटा कर्ण राजकीय प्राथमिक स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। Sirsa News
कुत्तों ने उसके हाथ, पैर, मुंह, सीना, जांघ, गर्दन और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह घायल कर दिया। हमले के दौरान अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया। परिजनों को सूचना मिलने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को सरसा के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है और पहले भी कई लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। गांव के सरपंच रविल सिंवर ने बताया कि स्कूल के पास ही हड्डा रोड़ी होने के कारण वहां 40-50 आवारा कुत्ते जमा रहते हैं, जिससे हर समय खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से कुत्तों को पकड़कर अन्य स्थान पर भेजने की मांग की है। साथ ही सोमवार को जिला उपायुक्त से मिलकर समस्या का समाधान करवाने की बात कही है। Sirsa News















