
Pakistani Smugglers Arrested: श्रीगंगानगर । भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान से एक बार फिर बड़ी तस्करी का खुलासा हुआ है। श्रीकरणपुर क्षेत्र में पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के ज़रिए गिराई गई करीब 12 किलो हेरोइन बरामद कर इसे उठाने पहुंचे पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 60 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह बड़ी कार्रवाई बीएसएफ, सीआईडी, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान की गई। Sri Ganganagar News
जानकारी अनुसार सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर तुरंत ब्लॉकेड लगाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रात के अंधेरे में ड्रोन की आवाज सुनाई दी और उसके बाद पैकेट्स गिरते देखे गए। तलाशी में पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन से छोटे-छोटे पैकेट्स में पैक कर गिराई गई 12 किलो हेरोइन बरामद की गई। इस दौरान हेरोइन उठाने आए पकड़े गए दोनों युवक पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस और बीएसएफ के अधिकारियों के अनुसार बॉर्डर पर ड्रोन गतिविधियां बढ़ रही हैं। एंटी-ड्रोन सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है। गिरफ्तार युवकों से आगे की पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी और पंजाब में सप्लाई करने का प्लान था। Sri Ganganagar News














