
Passport Application Process: अगर आप विदेश में घूमने, पढ़ाई करने या नौकरी के लिए जाना चाहते हैं, तो पासपोर्ट सबसे जरूरी दस्तावेज़ होता है। बिना पासपोर्ट के भारत से बाहर यात्रा करना संभव नहीं है। पहले जहां पासपोर्ट बनवाना एक लंबी और जटिल प्रक्रिया मानी जाती थी, वहीं अब डिजिटल सिस्टम के कारण यह काम बेहद आसान हो गया है। अब आप घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से करें शुरुआत | Passport Application Process
पासपोर्ट के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां “New User/Register Now” पर क्लिक करें और अपनी बेसिक जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरकर अकाउंट बना लें। इसके बाद आपको एक यूजर आईडी और पासवर्ड मिल जाएगा।
फॉर्म भरते समय रखें सावधानी
रजिस्ट्रेशन के बाद पोर्टल पर लॉगिन करें और “Apply for Fresh Passport” विकल्प चुनें। अब एक फॉर्म खुलेगा, जिसमें आपकी व्यक्तिगत जानकारी, पता और माता-पिता से जुड़ी डिटेल्स भरनी होंगी। ध्यान रखें कि सारी जानकारी बिल्कुल सही हो, क्योंकि बाद में इसमें बदलाव करना मुश्किल होता है।
जरूरी दस्तावेज़ रखें तैयार
फॉर्म भरने के बाद आपको अपने आवश्यक दस्तावेज़ तैयार रखने होंगे। इनमें आधार कार्ड, वोटर आईडी, पते का प्रमाण और जन्म प्रमाण पत्र शामिल हैं। इन दस्तावेज़ों की जरूरत वेरिफिकेशन के दौरान पड़ेगी।
अपॉइंटमेंट और फीस का प्रोसेस
अब “Pay and Schedule Appointment” पर क्लिक करके अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र का चयन करें और तारीख व समय बुक करें। अपॉइंटमेंट बुक करते समय आपको फीस का भुगतान करना होगा। सामान्य पासपोर्ट की फीस लगभग 1500 रुपये होती है, जबकि तत्काल पासपोर्ट के लिए ज्यादा शुल्क देना पड़ सकता है। भुगतान आप डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI से कर सकते हैं।
वेरिफिकेशन के बाद घर पहुंचेगा पासपोर्ट
तय तारीख पर पासपोर्ट सेवा केंद्र जाएं और अपने सभी दस्तावेज़ साथ लेकर जाएं। वहां आपकी जानकारी की जांच की जाएगी, जिसके बाद पुलिस वेरिफिकेशन होता है। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका पासपोर्ट आपके घर के पते पर भेज दिया जाता है।














