डेनमार्क की महारानी से प्रधानमंत्री मोदी ने की मुलाकात

कोपेनहेगन/नई दिल्ली (एजेंसी)। डेनमार्क की महारानी मार्गरेट द्वितीय ने मंगलवार रात कोपेनहेगन के ऐतिहासिक अमलीनबोर्ग पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें 50 वर्ष का शासन काल पूरा करने पर बधाई दी। महारानी ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए भोजन का भी आयोजन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें हाल के वर्षों में भारत-डेनमार्क संबंधों में बढ़ती गति, विशेष रूप से हरित सामरिक भागीदारी के बारे में जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उन्होंने सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने में डेनमार्क शाही परिवार की भूमिका की भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने महारानी को उनके गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए धन्यवाद दिया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि डेनमार्क साम्राज्य की महारानी, ​​मार्गरेट द्वितीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने महारानी को उनके शासनकाल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर बधाई दी।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।