कुछ महीने पहले भी मिली थी धमकी भरी ईमेल
फिरोजपुर (सच कहूँ/जगदीप सिंह)। Firozpur Bomb Threat: पिछले कुछ महीनों से सरकारी दफ्तरों, कोर्ट कॉम्प्लेक्स और स्कूलों को लेकर मिल रही धमकी भरी ईमेलों के कारण आम लोगों में डर और सनसनी का माहौल बना हुआ है। सोमवार को पंजाब के अन्य जिलों के साथ-साथ फिरोजपुर के कोर्ट कॉम्प्लेक्स को भी बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया और पूरे परिसर को तुरंत खाली करवा लिया गया। इस संबंध में सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स को खाली करवाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
इस मौके पर एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की ईमेल प्राप्त हुई थी। सुरक्षा के मद्देनजर टीमों द्वारा पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस ईमेल और पहले प्राप्त हुई धमकी भरी ईमेल की भी जांच की जा रही है। इस दौरान वकीलों का कहना है कि बार-बार कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकियां देना बेहद निंदनीय है। हालांकि बाद में ये धमकियां झूठी साबित होती हैं, लेकिन इससे लोगों में डर का माहौल बन जाता है और देश की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं। Firozpur News
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी इसी कोर्ट कॉम्प्लेक्स को इसी तरह की ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ था और वह ईमेल भी झूठी साबित हुई थी। Firozpur News
यह भी पढ़ें:– अदालतों का काम बड़े स्तर पर प्रभावित, जाँच में जुटी पुलिस संगरूर अदालत कॉम्पलेक्स में ‘बम’ रखने की धमकी निकली ‘अफवाह’















