हमसे जुड़े

Follow us

29.9 C
Chandigarh
Wednesday, April 1, 2026
More

    Social Media News: सोशल मीडिया पर पिस्तौल के साथ वीडियो-फोटो डालना पड़ा भारी, पुलिस ने की ये बड़ी कार्रवाई

    New Delhi News
    सांकेतिक फोटो

    Social Media Crime: नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले लोगों के विरुद्ध सख्ती बढ़ाते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई द्वारका जिला के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। आरोपी के पास से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। Social Media News

    जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोशल मीडिया मंचों पर हथियार लहराते हुए अपने फोटो और वीडियो साझा किए थे, जिनका उद्देश्य लोगों में भय उत्पन्न करना और अनावश्यक चर्चा में बने रहना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की, जिसने तकनीकी निगरानी और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।

    26 वर्षीय वीरेंद्र खरब अत्याधुनिक पिस्तौल और जीवित कारतूस के साथ गिरफ्तार

    पुलिस टीम ने 26 वर्षीय वीरेंद्र खरब नामक युवक को अत्याधुनिक पिस्तौल और जीवित कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2024 में उसका विवाह हरियाणा के सोनीपत में हुआ था, लेकिन वैवाहिक विवादों के कारण मई 2025 में उसका तलाक हो गया। इसके बाद उसने व्यक्तिगत रंजिश के चलते हथियार प्राप्त किया।

    पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने हरियाणा के भोंडसी क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदा था, जिसका आपराधिक पृष्ठभूमि से संबंध बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार उस व्यक्ति के गुरुग्राम क्षेत्र के एक स्थानीय गैंगस्टर से भी संपर्क रहे हैं और वह पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपने परिचितों के बीच प्रभाव स्थापित करना चाहता था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध हथियार आपूर्ति से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। Social Media News