हमसे जुड़े

Follow us

12.6 C
Chandigarh
Tuesday, February 3, 2026
More
    Home देश गोडसे बयान पर...

    गोडसे बयान पर सख्ती: प्रज्ञा ठाकुर अब शीतकालीन सत्र में नहीं ले पाएंगी हिस्सा

    I said, you will be annihilated: Pragya Thakur
    Pragya Thakur

    प्रज्ञा ठाकुर ने  लोकसभा में नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था

    नई दिल्ली(एजेंसी)। भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के लोकसभा में नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताने पर विवाद पैदा हो गया है। विपक्षी नेताओं ने उनकी जमकर आलोचना की है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी गुरुवार को उनके बयान को निंदनीय बताया। नड्डा ने कहा, “भाजपा कभी ऐसे बयानों का समर्थन नहीं करती। हम ऐसी विचारधारा का भी समर्थन नहीं करते। हमने फैसला किया है कि उन्हें रक्षा मामलों की संसदीय समिति से हटाया जाएगा। इस सत्र में उन्हें संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। हम इस बारे में बहुत स्पष्ट हैं।”

    देश प्रज्ञा को कभी माफ नहीं करेगा: कमलनाथ

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को प्रज्ञा ठाकुर के बयान को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि उनकी पार्टी को इस तरह के बयान को लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। कमलनाथ ने ट्वीट किया, “भाजपा को इस मुद्दे पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी को प्रज्ञा के इस तरह के बयान दोहराने के लिए फिर से माफ नहीं करना चाहिए।” उन्होंने कहा कि पूरा देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। पूरा देश भाजपा से यह जानना चाहता है कि वह गांधी जी के साथ है या गोडसे के साथ? उन्हें इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। यदि वे गांधी जी के साथ हैं तो उन्हें प्रज्ञा के खिलाफ तत्काल कदम उठाने चाहिए।

    प्रज्ञा को पार्टी से निष्कासित किया जाए: त्यागी

    जदयू नेता केसी त्यागी ने कहा, “प्रज्ञा ठाकुर ने खुलेआम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अवहेलना की है और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए। पूरा विश्व महात्मा गांधी का 150वां जयंती वर्ष मना रहा है। मोदी खुद इसे प्रोत्साहित कर रहे हैं। भाजपा सांसद द्वारा की गई इस प्रकार की टिप्पणी आपत्तिजनक है। मामले को एथिक्स कमेटी को भेजना चाहिए और उनकी सदस्यता तत्काल खत्म की जानी चाहिए।”

    प्रज्ञा का बयान निंदनीय: ए. राजा

    द्रमुक सांसद ए राजा ने बुधवार को कहा कि प्रज्ञा का नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी बताना निंदनीय है। ए राजा बुधवार को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (संशोधन) बिल, 2019 पर चर्चा पर बोल रहे थे तो उन्होंने उधम सिंह और नाथूराम गोडसे का उदाहरण लिया। उन्होंने कहा, “जब मैंने नाथूराम गोडसे को महात्मा गांधी का हत्यारा बताया तो प्रज्ञा खड़ी हो गईं और बोलीं कि वह देशभक्त था। यह दुखद है।” इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने प्रज्ञा के इस बयान को हटाने का आदेश दिया।

    Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करे।