चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। CM Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केन्द्रीय बजट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट पंजाब की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता और राज्य के हितों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। Punjab News
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब एक महत्वपूर्ण और मेहनती राज्य है और देश के विकास में हमेशा अहम योगदान देता रहा है। फिर चाहे वह कृषि हो, उद्योग हो या राष्ट्रीय सुरक्षा। इसके बावजूद केन्द्र सरकार के बजट में पंजाब के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किए गए, जो बेहद निराशाजनक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। पंजाब एक कृषि प्रधान राज्य है और इसकी अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से खेती पर निर्भर है। इसलिए किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें वित्तीय सुरक्षा देने के लिए बजट में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा कहीं नजर नहीं आया। वहीं मान ने युवाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने को लेकर किसी स्पष्ट योजना का अभाव है। न ही उद्योग को प्रोत्साहित करने और निवेश आकर्षित करने के लिए कोई महत्वपूर्ण कर राहत दी गई है, जिससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ सकें। Punjab News
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब पहले से ही आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है और ऐसे समय में केन्द्र सरकार से विशेष सहायता की उम्मीद थी, लेकिन बजट में राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। हालांकि, भगवंत मान ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार राज्य के हितों के लिए लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मेहनती और उत्साही हैं, और मिलकर हम पंजाब को अपने पैरों पर खड़ा करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि केन्द्र सरकार भविष्य में पंजाब के प्रति निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाएगी और राज्य के विकास के लिए एक विशेष पैकेज की घोषणा करेगी।
यह भी पढ़ें:– Cold Wave: शीतलहर का प्रकोप जारी, अस्पताल में बढ़ी मरीजों की तादाद















