हमसे जुड़े

Follow us

17.3 C
Chandigarh
Thursday, February 19, 2026
More
    Home देश भारत जोड़ो यात...

    भारत जोड़ो यात्रा का लक्ष्य महंगाई कम करना, बेरोजगारी मिटाना है: राहुल गांधी

    • भारत जोड़ो यात्रा लेकर हरियाणा पहुंचे राहुल गांधी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
    • मंगलवार देर रात से ही लोग मुंडाका बार्डर पर पहुंचे
    • पहले दिन राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों से मुलाकात की
    • भूपेंद्र हुड्डा ने जय जवान, जय किसान, जय पहलवान का नारा दिया

    गुरुग्राम। (संजय कुमार मेहरा) राजस्थान की सीमा पार करके बुधवार की सुबह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में पहुंची। रात से ही उनके इंतजार में कांगे्रस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया। कड़ाके की ठंड व धुंध के बावजूद हजारों की तादाद में देर रात से ही लोग मुंडाका बार्डर पर पहुंच गए थे। सुबह 6 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर लोगों की खूब भीड़ हो चुकी थी।

    यह भी पढ़ें:– तीन किसानों के नलकूपों पर अज्ञात चोरों का धावा

    राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से शुरू हुई थी, जो विभिन्न राज्यों से होते हुए लोगों को एकता का संदेश देते हुए आगे बढ़ी और बुधवार को राजस्थान के अलवर जिला से हरियाणा के नूंह जिला में प्रवेश किया। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भी राजनीतिक दल की दिसंबर के महीने की कड़ाके की ठंड में सुबह 6 बजे रैली हुई है। भारत जोड़ो यात्रा के भव्य स्वागत से राहुल गांधी भी गदगद दिखे।

    ठंड के बीच कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद के जयकारे लगाते हुए उनकी यात्रा का स्वागत किया। सफेद-काले रंग की बढ़ी हुई दाड़ी राहुल गांधी की पद यात्रा की भी गवाही दे रही है। सामान्य नेता की तरह से वे इस यात्रा को गति दे रहे हैं। तमाम ऐशो-आराम त्यागकर वे सड़कों पर भारत को जोड़ने निकले हैं। हर नेता की यही ख्वाहिश थी कि राहुल गांधी तक वे एक बार पहुंच जाएं। एक बार राहुल गांधी से उनका हाथ मिल जाए। एक बार राहुल गांधी की नजर उन पर पड़ जाए। इसके लिए नेता जद्दोजहद करते नजर आए। हरियाणा पहुंची भारत जोड़ो यात्रा बुधवार हरियाणा के पहले चरण के पहले दिन मुंडाका (नूंह) बॉर्डर से फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी पहुंची फिर शाम को नसीरबस (नूंह) से भादस नगीना, गांव अकेड़ा में विश्राम स्थल पर पहुंची।

    जनसभा में पहुंचकर अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि यह यात्रा करोड़ों किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं और महंगाई से त्रस्त आम जनता की है। देश में आज 2 सबसे बड़े मुद्दे हैं, जिनसे हिंदुस्तान को चोट पहुंच रही है, दर्द हो रहा है। पहला बेरोजगारी और दूसरा महंगाई। नोटबंदी, जीएसटी छोटे व्यापारियों को मारने के हथियार हैं। जिसके कारण हिंदुस्तान अपने युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई कम करनी है और बेरोजगारी मिटानी है। उन्होंने आवाहन किया कि आइए मिलकर हरियाणा में कदम से कदम मिलाकर चलें।

    पहले दिन राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों से मुलाकात की और करीब एक घंटे तक उनसे विस्तार से चर्चा की। जनसभा को राहुल गांधी के अतिरिक्त नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हरियाणा के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य कुमारी शैलजा, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला एवं प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद तथा सभी वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

    ठंड में भी एक मात्र टी-शर्ट पहने रहे राहुल गांधी

    राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा में बहुत मजबूत नजर आ रहे हैं। ऐसा इसलिए कि आधा दिसम्बर बीते जाने के बाद अब एकाएक ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। सुबह-शाम हर कोई गर्म कपड़े पहनकर और कंबल आदि ओढ़कर ही बाहर निकलता है, लेकिन राहुल गांधी अभी भी पैंट और एक मात्र टी-शर्ट ही पहने हुए थे। बाकी नेताओं ने तो सर्दी के कपड़े पहन रखे थे। वे मुस्कुराकर सभी को मिल रहे थे। ठंड का उन पर कोई असर नजर नहीं आया। राहुल गांधी जब राजस्थान से हरियाणा पहुंचे तो उनमें गजब का आत्मविश्वास था। भारत जोड़ो यात्रा की सफलता उनके चेहरे से नजर आ रही थी।

     

    भारत जोड़ो यात्रा में सबने गड्ढों में सड़क देखी: भूपेंद्र हुड्डा

    इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में 2 चीजें प्रसिद्ध हैं, पहला देसां मैं देस हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा और दूसरा जय जवान, जय किसान, जय पहलवान। यानी हमारे खिलाड़ी जिन पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को पूरा समर्थन देगी और उनके संदेश को घर-घर तक पहुंचाएगी। आज हरियाणा की हालत सबके सामने है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सबने गड्ढों में सड़क देखी। साढ़े 8 साल में प्रदेश की सरकार सड़कों की मरम्मत तक नहीं करवा पाई। पूरे हरियाणा में विकास का कोई काम नहीं हुआ। यहां सिर्फ ईवेंट मैनेजमेंट की सरकार है।

    जो प्रदेश 2014 में प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश में नंबर एक था, वो हरियाणा आज महंगाई, बेरोजगारी में नंबर -1 है। कानून-व्यवस्था बदहाल है। यदि कोई समस्या उठाता है तो सरकार उसका समाधान करने की बजाय ध्यान भटकाने में लग जाती है। सुबह 6 बजे की सभा में बड़ी संख्या में लोगों की हाजिरी से गदगद भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज जो दृश्य दिखा वो इस बात का प्रतीक है कि मौजूदा सरकार को लोग उखाड़ कर रहेंगे। यह यात्रा लाजिमी तौर पर हरियाणा सहित पूरे देश में रंग लाकर रहेगी।

    यात्रा से लोगों में भावनात्मक बदलाव आया: उदयभान

    भारत जोड़ो यात्रा का ध्वज ग्रहण करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि दिसंबर में कड़ाके की सर्दी में लोगों का जोश, उमंग, उत्साह और प्यार जिस तरह से राहुल गांधी के लिये उमड़ा है, उसे देखकर कहा जा सकता है कि 8 प्रदेशों में भारत जोड़ो यात्रा में भीड़ का रिकार्ड हरियाणा में टूटने वाला है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से लोगों में भावनात्मक बदलाव आया है।

    अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here