हमसे जुड़े

Follow us

16.8 C
Chandigarh
Monday, February 23, 2026
More
    Home चंडीगढ़ मोहाली में बा...

    मोहाली में बारिश बनी मुसीबत: तेज हवाओं से उखड़े पेड़, वाहनों को पहुंचा भारी नुकसान

    Mohali News
    Mohali News: नयागांव और मोहाली के अलग-अलग जगहों पर बारिश से हुए नुकसान की तस्वीरें।

    मानसून का समय से पहले आगमन पंजाब के लिए अच्छा रहा

    • पंजाब के 6 जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह

    मोहाली (सच कहूँ/एमके शायना)। Mohali News: पंजाब में मौसम के बदलते मिजाज के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं भारी नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। कल रात से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण मोहाली में कई जगहों पर पेड़ उखड़ने और टहनियां गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम विभाग के निदेशक सुरेन्द्र पाल ने बताया कि बीते कल प्रदेश में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया था और बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज आंधी आने की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की गई थी। राज्य में एक बार फिर पंजाब के चार जिलों पठानकोट, होशियारपुर, मोहाली और रूपनगर में बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की एडवाइजरी जारी की गई है।

    पंजाब में मानसून निर्धारित समय से पांच दिन पहले आ गया है। निर्धारित समय से पहले पहुंचने के अलावा, राज्य में मौसम भी अच्छा रहा है। इस वर्ष जून माह में सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। राज्य में 29 जून तक 54.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 46.2 मिलमीटर से 19 प्रतिशत अधिक है। अगर आने वाले दिनों में मानसून की स्थिति में सुधार होता है तो यह राज्य और लोगों के लिए राहत की बात होगी।

    30 जून से 2 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान | Mohali News

    मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जून से 2 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश की सीमा से लगते पंजाब के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। जिसमें लुधियाना, पटियाला, होशियारपुर, पठानकोट, रोपड़, अमृतसर, एसबीएस नगर, चंडीगढ़ शामिल हैं।

    मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के लुधियाना, जालंधर, पठानकोट, फिरोजपुर, मोगा और कई अन्य इलाकों में भारी बारिश हुई है। पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ में 34.1 मिमी, लुधियाना में 0.5 मिमी, पटियाला में 2 मिमी, पठानकोट में 7 मिमी, फतेहगढ़ साहिब में 1 मिमी, फिरोजपुर में 64.5 एमएम , मोगा में 32 मिमी, रोपड़ में 9 मिमी बारिश हुई है।

    नयागांव में पहली ही बारिश में खुली व्यवस्थाओं की पोल

    मानसून की पहली ही बारिश ने शहर की सड़कों की पोल खोल दी है। बीती रात से हो रही बारिश से जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया है। गाड़ियां फंसने लगीं हैं। पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। यह हाल पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत न होने से हुआ है। कई जगह खुदाई के बाद गड्डों को ठीक से नहीं भरा गया। यहां बारिश का पानी भरते ही कीचड़ बन गया। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। वाहन चालकों को भी दिक्कत हो रही है। कई जगह लोग फिसल कर गिर रहे हैं। Mohali News

    इसे लेकर स्थानीय और व्यापारी जगत के लोग पिछले कई महीनों से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे बार-बार अधिकारियों को कहते रहे कि बरसात से पहले-पहले कुछ न कुछ हल निकाला जाए, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जिसे लेकर अब शहरवासियों में नाराजगी है। जिसका जवाब चुनावों में देने की बात कही गई। क्योंकि किसी विधायक, सांसद और स्थानीय नेता ने इस समस्या पर गंभीरता नहीं दिखाई।

    यह भी पढ़ें:– Theft: चोरों ने दुकान के गल्ले से उड़ाए 55 हजार रुपए