हनुमानगढ़। मौसम में आए बदलाव के चलते शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी जिले में कई स्थानों पर बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। सुबह के समय जिला मुख्यालय व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई, जबकि भादरा तहसील क्षेत्र में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश हुई। एक ओर जहां बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर बेमौसमी बारिश किसानों के लिए चिंता का कारण बन गई है। वर्तमान में सरसों की कटाई का कार्य चल रहा है, जबकि गेहूं की फसल पकाव की स्थिति में है। ऐसे में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। Hanumangarh Weather News
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर की ओर से शुक्रवार को जारी ताजा अपडेट
इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर की ओर से शुक्रवार को जारी ताजा अपडेट के अनुसार प्रदेश में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम ने करवट ले ली है। पाकिस्तान व आसपास के क्षेत्र में बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर आंधी व बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक 11.5 मिमी वर्षा श्रीगंगानगर के पदमपुर क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार 4 अप्रैल को भी मौसम का असर जारी रहने की संभावना है। उदयपुर, अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में तेज आंधी-बारिश व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार 5 व 6 अप्रैल को आंधी-बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आएगी, लेकिन 7 अप्रैल से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में फिर से तेज आंधी-बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, ताकि बारिश व ओलावृष्टि से नुकसान से बचाया जा सके। Hanumangarh Weather News















