हमसे जुड़े

Follow us

20.8 C
Chandigarh
Friday, April 3, 2026
More

    Rajasthan High Court Bomb Threat: राजस्थान उच्च न्यायालय को फिर बम धमकी, आनन-फानन कराया गया परिसर खाली

    Rajasthan High Court sachkahoon

    Rajasthan High Court Bomb Threat: जोधपुर। राजस्थान उच्च न्यायालय की जोधपुर पीठ को मंगलवार प्रातः एक बार फिर विस्फोट की धमकी प्राप्त हुई, जिससे न्यायालय परिसर में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पूरे परिसर को खाली करवा दिया तथा सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ कर दिया। Jodhpur News

    सूत्रों के अनुसार न्यायालय प्रशासन को ईमेल के माध्यम से धमकी संदेश मिला, जिसमें परिसर में विस्फोटक सामग्री होने की चेतावनी दी गई थी। एहतियातन अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं वादकारियों को तुरंत न्यायालय कक्षों से बाहर जाने का निर्देश दिया गया। इसके उपरांत समस्त कक्षों को खाली कर गहन तलाशी अभियान प्रारंभ किया गया।

    पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता एवं श्वान दल द्वारा भवन के प्रत्येक हिस्से की सूक्ष्म जांच की जा रही है। सुरक्षा मानकों के अनुरूप किसी भी संदिग्ध वस्तु की पहचान हेतु विशेष उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। एहतियाती कदम के रूप में न्यायिक कार्यवाही को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। परिसर में प्रदर्शित सूचना-पट्ट के माध्यम से बताया गया है कि स्थिति सामान्य होने पर कार्य पुनः आरंभ किया जाएगा। Jodhpur News

    प्रवेश व्यवस्था को और अधिक नियंत्रित करते हुए पहचान-पत्र सत्यापन अनिवार्य

    प्रशासन ने प्रवेश व्यवस्था को और अधिक नियंत्रित करते हुए पहचान-पत्र सत्यापन अनिवार्य कर दिया है। केवल वैध पहचान पत्र रखने वाले व्यक्तियों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर तलाशी प्रक्रिया को कठोर बनाया गया है।

    न्यायालय प्रशासन तथा पुलिस अधिकारियों ने अधिवक्ता संघों एवं न्यायालय कर्मचारियों से जांच में सहयोग करने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि गत महीनों में भी ईमेल के माध्यम से इसी प्रकार की धमकियां प्राप्त हो चुकी हैं, जिनकी जांच जारी है। पूर्व में 6 फरवरी को भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न होने पर जयपुर एवं जोधपुर स्थित न्यायालय परिसरों को एहतियातन खाली कराया गया था।

    लगातार मिल रही धमकियों के कारण न्यायिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है तथा अधिवक्ताओं और आम नागरिकों में चिंता का वातावरण व्याप्त है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचने की सलाह दी गई है। Jodhpur News