विगत सोमवार को राष्ट्रीय समाचार-पत्र दैनिक सच कहूँ समेत विभिन्न स्थानीय समाचार-पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था उखड़ी पड़ी सड़क का मुद्दा
- सड़क पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों व राहगीरों ने महसूस की राहत
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: गांव कण्डेला में करीब एक माह से उखड़ी पड़ी सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा शुक्रवार को आखिर शुरू कर दिया गया। सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू होने से राहगीरों व ग्रामीणों ने राहत महसूस की है।
लोकनिर्माण विभाग के द्वारा गांव कण्डेला में मुख्य मार्ग पर स्थित ग्रामीण घसीटू स्वामी के घर के सामने से अनीस धोबी के मकान तक करीब 350 मीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण किया जाना है। विभाग द्वारा निर्माण कार्य का जिम्मा हरि कृष्णा कॉन्ट्रैक्ट नामक कंपनी को दिया गया है। ठेकेदार ने जेसीबी मशीन व मजदूर लगाकर सड़क पर ग्राम पंचायत द्वारा की इंटरलॉकिंग को उखड़वा दिया था, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बावजूद विभाग द्वारा सड़क के पुनर्निर्माण के कार्य को शुरू नही किया गया था। सड़क उखड़ने से वाहनों व पैदल राहगीरों के आवागमन में परेशानी पैदा हो रही थी। इसके अलावा, तेज हवा के चलते सड़क पर उड़ने वाली धूल भी स्थानीय बाशिंदों के घरों में घुस रही थी। Kairana News
इस मसले को विगत सोमवार को राष्ट्रीय समाचार-पत्र दैनिक सच कहूँ समेत विभिन्न समाचार-पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के द्वारा प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेकर उखड़ी पड़ी सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया। विभाग के सुपरवाइजर विकास कुमार की देखरेख में सड़क पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है। वहीं, लोकनिर्माण विभाग के अवर अभियंता शोमांशु मोहन ने बताया कि सड़क पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसे एक सप्ताह के अंदर पूर्ण कर दिया जाएगा। ग्रामीणों व राहगीरों से अपेक्षा है कि वह सड़क निर्माण के कार्य को बिना वजह आवागमन करके बाधित न करें, बल्कि डायवर्ट रुट का अनुसरण करें।
45 लाख रुपये की लागत से तैयार होगी 350 मीटर लंबी सड़क | Kairana News
लोकनिर्माण विभाग द्वारा गांव कण्डेला में 350 मीटर लंबी सड़क का पुनर्निर्माण कार्य शुरू किया गया है। सड़क की चौड़ाई साढ़े पांच से छह मीटर तक है, जिसमें से साढ़े चार मीटर चौड़ाई को आरसीसी से कवर किया जाएगा। शेष जगह पर दोनों किनारों पर स्थित नाली तक इंटरलॉकिंग लगाई जाएगी।
विभाग की योजना पूर्व में सड़क को पौने चार मीटर की चौड़ाई तक आरसीसी से कवर करने की थी, परन्तु बाद में इसमें वृद्धि करके साढ़े चार मीटर किया गया। पुनर्निर्मित सड़क की मोटाई 19 सेंटीमीटर यानी करीब आठ इंच रखी गई है। इस निर्माण कार्य को पूरा कराए जाने के लिए 40 से 45 लाख रुपये का खर्च होने का अनुमान है। विभाग द्वारा सड़क पुनर्निर्माण का ठेका हरि कृष्णा कॉन्ट्रैक्ट कम्पनी को दिया गया है।
यह भी पढ़ें:– तहसीलदार ने एसआईआर कार्य का किया निरीक्षण, दिए निर्देश















