Sirsa Grain Market Damaged Roads: सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। फसली सीजन की शुरूआत के साथ शहर की अनाजमंडी में किसानों की आवाजाही बढ़ने लगी है, लेकिन एक साल बाद भी मूलभूत सुविधाओं की कमी चिंता का कारण बनी हुई है। मंडी परिसर की सड़कों की खराब हालत और सफाई व्यवस्था की कमजोरी के चलते किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वीरवार सुबह कपास मंडी के पास द सहकारी समिति के सामने एक किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क में धंस गई और पलटने से बाल-बाल बच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति संभाल ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। Sirsa News
टूटी सड़कें और ओवरफ्लो सीवरेज से बढ़ी मुश्किलें, सीजन से पहले सुधार की मांग तेज
इस घटना ने मंडी की जर्जर सड़कों की स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है। मंडी की कई प्रमुख सड़कों पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जबकि कई स्थानों पर सड़कें धंस चुकी हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे बड़ी उम्मीदों के साथ अपनी फसल लेकर मंडी पहुंचते हैं, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन टूटी सड़कों के कारण आवागमन सुचारू नहीं हो पा रहा। इससे न केवल किसानों का समय खराब होता है, बल्कि फसल के नुकसान की आशंका भी बनी रहती है। आढ़ती एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र नढ़ा ने बताया कि जब मंडी की सड़कों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां ही ठीक से नहीं गुजर पा रहीं, तो लोडिंग वाले भारी ट्रक कैसे निकल पाएंगे।
मंडी एसोसिएशन के प्रधान प्रेम बजाज ने बताया कि फसली सीजन से पहले ही सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को अवगत कराया गया था। मार्केट कमेटी और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक में भी इन समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया था। अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई सुधार देखने को नहीं मिला है।
सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं | Sirsa News
सड़कों के अलावा मंडी की सफाई व्यवस्था भी चिंता का विषय बनी हुई है। कई जगहों पर सीवरेज ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल रहा है, जिससे गंदा पानी जमा हो गया है। इस कारण मंडी में आने-जाने वाले लोगों को काफी असुविधा हो रही है। आढ़तियों का कहना है कि गंदगी और बदबू के बीच काम करना मुश्किल हो गया है। मंडी में खड़े पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है, जिससे मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
आवक से पहले व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
आढ़तियों के अनुसार आगामी दिनों में गेहूं और सरसों की आवक बढ़ने के साथ मंडी में वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। ऐसे में यदि सड़कों और सीवरेज व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त नहीं किया गया, तो समस्या और अधिक बढ़ सकती है। इससे किसानों, व्यापारियों और मजदूरों सभी को प्रभावित होना पड़ेगा। आढ़तियों और किसानों ने प्रशासन से अपील की है कि हालात की गंभीरता को समझते हुए जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। Sirsa News















