मीरापुर।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) क्षेत्र के गांव सम्भलहेडा के किसान हाजी महबूब की किस्मत उस समय चमक उठी जब उनका नाम लकी ड्रॉ में निकलकर सामने आया और उन्हें महिंद्रा 575 ट्रैक्टर पुरस्कार स्वरूप मिला। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार हाजी महबूब ने सितंबर माह में एग्रो स्टार कंपनी के कैस्पर सरसों के एक-एक किलोग्राम के दो पैकेट बीज खरीदे थे। उस माह खरीदारी करने वाले किसानों के नाम लकी ड्रॉ योजना में शामिल किए गए थे। करीब 70 हजार किसानों ने इस योजना के तहत भाग लिया था। कंपनी द्वारा 13 जनवरी को पुणे स्थित मुख्यालय से ऑनलाइन लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें सम्भलहेडा के किसान हाजी महबूब का नाम महिंद्रा 575 ट्रैक्टर के लिए घोषित हुआ।
जैसे ही ट्रैक्टर निकलने की सूचना मिली, किसान हाजी महबूब खुशी से झूम उठे। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और ग्रामीणों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया।
सोमवार को कंपनी की ओर से सम्भलहेडा स्थित शिव फार्म हाउस पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रीजनल मैनेजर राकेश सिंह, टेरिटरी मैनेजर कुलदीप सिंह, वरिष्ठ कृषि अधिकारी देवेंद्र त्रिपाठी तथा जानसठ के आदेश कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने हाजी महबूब को सम्मानपूर्वक महिंद्रा 575 DI ट्रैक्टर की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कंपनी किसानों को बेहतर बीज और तकनीक उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। हाजी महबूब की सफलता ने क्षेत्र के अन्य किसानों को भी प्रेरित किया है।















