तहसील मुख्यालय पर आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज ने सुनी जनसमस्याएं
- अधिकारियों के समक्ष पहुंचे विभिन्न मामलों से सम्बंधित 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र, दो का मौके पर निस्तारण
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज की अध्यक्षता में तहसील मुख्यालय पर सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों को विभिन्न मामलों से सम्बंधित 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जबकि शेष शिकायती-पत्रों को यथाशीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित दिया गया।
शनिवार को तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज ने की। इस दौरान भूमि पर अवैध कब्जा करके पोपलर के पेड़ लगाने तथा जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने, पालिका ठेकेदार पर नाला निर्माण में घटिया सामग्री लगाने, गांव झाड़खेड़ी में पाइप लाइन दबवाए जाने के दौरान टूटी गलियों के पुनर्निर्माण एवं पेयजलापूर्ति, चकरोड व नाली को कब्जामुक्त कराने, पत्नी के उत्पीड़न से निजात दिलाने व विपक्षियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किये जाने आदि से जुड़े 21 शिकायती प्रार्थना-पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत हुए, जिनमें से 02 शिकायतों को मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया। Kairana News
एसडीएम ने मातहतों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। साथ ही, शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने पर कार्यवाही की चेतावनी दी है। इस अवसर पर तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव, आपूर्ति निरीक्षक मदनपाल सिंह व शौदान सिंह, बीडीओ बृजेश गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:– Passport Lok Adalat: गाजियाबाद में इस दिन लगेगी ‘पासपोर्ट लोक अदालत’















