एक माह बाद भी नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर, उपभोक्ता परेशान
Gas Cylinder Crisis: हनुमानगढ़। जिले में रसोई गैस की किल्लत ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन भले ही गैस आपूर्ति सामान्य होने के दावे कर रहा हो, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। गैस एजेंसियों पर रोजाना उमड़ रही भीड़ इन दावों की पोल खोल रही है। हालात ऐसे हैं कि एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। इसके चलते एजेंसियों पर रोजाना विवाद की स्थिति बन रही है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। टाउन के जंक्शन रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर गुरुवार को भी दिनभर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। Hanumangarh News
उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी और ट्रैक्टर-ट्रॉली से सप्लाई करने वाले कर्मचारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर लोगों को इधर-उधर भटका रहे हैं। एजेंसी वाले ट्रॉली से सिलेंडर मिलने की बात कहते हैं, जबकि ट्रॉली वाले एजेंसी से लेने को कहते हैं। इस स्थिति में उपभोक्ता ‘चक्करघिन्नी’ बनकर रह गए हैं। टाउन की हिसारिया मार्केट निवासी मोहनलाल रेगर ने बताया कि 19 मार्च को उनकी रसोई गैस खत्म हो गई थी। चार दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन सिलेंडर नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों विकलांग हैं, जिससे सिलेंडर उठाना भी संभव नहीं है। दो छोटे बच्चों के बावजूद घर में चूल्हा नहीं जल रहा और उन्हें पड़ोसियों के घर खाना बनाना पड़ रहा है। उपभोक्ता कर्मसिंह ने बताया कि बुकिंग के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा। ट्रॉली वाले एजेंसी भेजते हैं और एजेंसी वाले एंट्री के नाम पर कॉपी रख लेते हैं। इसके बाद सिलेंडर घर पहुंचाने का आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि रोजाना घंटों इंतजार करवाया जा रहा है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा।
परिचितों को मिल रहा सिलेंडर, आमजन परेशान | Hanumangarh News
एक अन्य उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि एजेंसी कर्मचारियों की ओर से मनमानी की जा रही है। परिचित लोगों को प्राथमिकता देकर गैस सिलेंडर दिए जा रहे हैं, जबकि आम उपभोक्ता धूप में भटकने को मजबूर है। उपभोक्ता विशाल ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले एजेंसी ने घर पर ट्रॉली से सिलेंडर पहुंचाने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ट्रॉली वाले एजेंसी भेजते हैं और एजेंसी वाले मुहर लगवाने की प्रक्रिया बताते हैं। मुहर लगवाने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।
हालात गंभीर, समाधान की दरकार
लगातार बढ़ रही भीड़ और शिकायतों से साफ है कि जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आमजन की परेशानी और बढ़ सकती है। गैस संकट ने प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत है कि जिम्मेदार अधिकारी जल्द हस्तक्षेप कर आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करें, ताकि लोगों को राहत मिल सके। Hanumangarh News















