हमसे जुड़े

Follow us

26.3 C
Chandigarh
Tuesday, February 17, 2026
More
    Home राज्य राजस्थान पासवर्ड देख ब...

    पासवर्ड देख बदला कार्ड, फिर लगाया 1.45 लाख का चूना

    ATM card sachkahoon
    ATM Fraud

    एटीएम में मदद के बहाने बुजुर्ग से की ठगी

    हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने एक बुजुर्ग के खाते से दो दिनों में कुल 1 लाख 45 हजार रुपए निकाल लिए। टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश (70) पुत्र दुनीराम जाट निवासी वार्ड नम्बर 32, गली नम्बर 4, सूर्यनगर, टाउन ने लिखित रिपोर्ट देकर बताया कि उनका बचत खाता पंजाब नेशनल बैंक की टाउन शाखा में है। Hanumangarh News

    पीड़ित ने बताया कि 25 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे वह वार्ड 42 स्थित पीएनबी के एटीएम में पैसे निकालने गए थे। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने कई बार अपना एटीएम कार्ड मशीन में डाला, लेकिन पैसे नहीं निकले और स्क्रीन पर ‘प्लीज रिमूव एटीएम कार्ड’ लिखा आता रहा। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम के अंदर आया और मदद का बहाना बनाकर उनसे कार्ड मांगा। आरोपी ने पासवर्ड लगाने के दौरान नम्बर देख लिए और धोखे से उनका कार्ड बदलकर अपना कार्ड उन्हें थमा दिया।

    ”आरोपी ने कहा कि एटीएम खराब है”

    पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने कहा कि एटीएम खराब है, जिसके बाद वह वहां से बाहर आ गए। इसके तुरंत बाद आरोपी ने उनके असली कार्ड से अलग-अलग स्थानों से रकम निकालनी शुरू कर दी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने 25 जनवरी को विजय सिनेमा के सामने स्थित एटीएम से दो बार में 15000 और 10000 रुपए निकाले। इसके अलावा पीओएस मशीन से 60000 रुपए की निकासी की गई, जिसकी सूचना पीड़ित के फोन पर नहीं आई।

    अगले दिन 26 जनवरी को आरोपी ने पीओएस मशीन से 35000 रुपए और श्रीगंगानगर स्थित एटीएम से तीन बार में 10000, 10000 और 5000 रुपए निकाल लिए। इस प्रकार आरोपी ने दो दिनों में कुल 1 लाख 45000 रुपए की ठगी कर ली। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल कृष्ण के सुपुर्द की है। पुलिस एटीएम मशीन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। Hanumangarh News