एचपीएससी के अंतिम परिणाम में चयन, क्षेत्र में खुशी का माहौल
ऐलनाबाद (सच कहूँ न्यूज)। ऐलनाबाद खंड के गांव मिठी सुरेरां की रिंकू रानी ने हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित सहायक प्रोफेसर (हिंदी) के अंतिम परिणाम में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी रिंकू रानी के चयन से गांव में खुशी की लहर है और परिवार को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। रिंकू रानी ने अपनी सफलता का श्रेय माता रामेश्वरी देवी, पिता इमी लाल तथा ससुर साधु राम बरोड़ व सास सावित्री देवी को दिया है। Sirsa News
उन्होंने बताया कि विवाह के समय वे स्नातक की पढ़ाई कर रही थीं। इसके बाद उनके पति, भूगोलवेत्ता एवं पर्यावरण प्रेमी सुभाष बरोड़ के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और बढ़ा। उन्होंने विशेष रूप से अपने सास-ससुर का आभार जताया, जिन्होंने बहू को बेटी समान मानते हुए हर कदम पर सहयोग और हौसला दिया। इसी प्रेरणा से उन्होंने बी.एड., एम.ए. हिंदी के साथ एचटेट, पीटीईटी, नेट और सीटीईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कीं।
वर्तमान में रिंकू रानी राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, ऐलनाबाद में एचकेआरएन आधार पर हिंदी प्रवक्ता के रूप में सेवाएं दे रही हैं, जबकि उनके पति सुभाष चंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ममेरा कलां में भूगोल प्रवक्ता हैं। रिंकू रानी ने कहा कि वे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और स्त्री शिक्षा की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले को अपना आदर्श मानती हैं। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और परिवार के सहयोग से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। शिक्षा को उन्होंने सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार बताया। Sirsa News















