हमसे जुड़े

Follow us

26.9 C
Chandigarh
Thursday, February 26, 2026
More

    Vijay Kumar Malhotra Death: भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का स्वर्गवास, दिल्ली राजनीति में शोक की लहर

    Senior BJP Leader Passes Away: नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रख्यात नेता और दिल्ली के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विजय कुमार मल्होत्रा का निधन हो गया है। उनके जाने से न केवल दिल्ली की राजनीति, बल्कि व्यापार और खेल जगत में भी गहरा शोक व्याप्त है। पार्टी नेताओं ने इसे दिल्ली और भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। Vijay Kumar Malhotra Death News

    भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रवीण खंडेलवाल ने उन्हें दिल्ली का सच्चा हितैषी और व्यापारियों का संरक्षक बताया। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा ने राजधानी के आधुनिक विकास की मजबूत नींव रखी थी और व्यापारिक वर्ग की समस्याओं को सुलझाने में हमेशा तत्पर रहते थे। उनका सहयोग व्यापारिक समुदाय के लिए प्रेरणा और संबल था। साथ ही, खेलों के प्रति उनका लगाव और योगदान भी हमेशा सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।

    भाजपा नेता मनोज सिंह बिष्ट ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष थे। वे कुशल संगठनकर्ता होने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को जोड़ने की कला में निपुण थे। उनका संपूर्ण जीवन दिल्ली के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली और भाजपा परिवार दोनों के लिए गहरी क्षति है।

    मंगलवार सुबह 93 वर्ष की आयु में दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका निधन हुआ। दिसंबर 1931 में लाहौर में जन्मे मल्होत्रा पाँच बार सांसद और दो बार विधायक चुने गए। वे 1972 से 1975 तक दिल्ली जनसंघ के अध्यक्ष रहे और इसके बाद भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी दो बार संभाला। एम्स द्वारा जारी बयान में कहा गया कि विजय कुमार मल्होत्रा को भर्ती कराया गया था, जहाँ 30 सितंबर की सुबह उन्होंने अंतिम साँस ली। Vijay Kumar Malhotra Death News