हिसार-लुधियाना रूट पर 7 पैसेंजर गाड़ियां कल से शुरू, यात्रियों को मिली राहत
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Indian Railway News: हिसार से लुधियाना के बीच करीब दो महीने से बंद पड़ी पैसेंजर ट्रेनों को लेकर रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे की ओर से 3 दिसंबर से बंद की गई इन गाड़ियों को दोबारा चलाने की घोषणा कर दी गई है। इसके तहत कल यानी 6 फरवरी से हिसार-लुधियाना रूट पर कुल 7 पैसेंजर गाड़ियों का संचालन शुरू किया जाएगा। ट्रेनों के बंद रहने से इस रूट पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, खासकर छात्र, नौकरीपेशा लोग, मजदूर और छोटे व्यापारी सबसे अधिक प्रभावित थे, जिन्हें मजबूरी में महंगे निजी साधनों या बसों से यात्रा करनी पड़ रही थी।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 6 फरवरी से ट्रेन संख्या 54631 भिवानी से चलकर धूरी जाने वाली पैसेंजर, 54632 धूरी से चलकर जाखल व हिसार होते हुए सिरसा जाने वाली पैसेंजर, 54633 सिरसा से चलकर हिसार, जाखल और धूरी के रास्ते लुधियाना जाने वाली पैसेंजर, 54634 लुधियाना से चलकर धूरी, जाखल व हिसार होते हुए भिवानी जाने वाली पैसेंजर तथा 54636 लुधियाना से हिसार जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को फिर से चलाया जाएगा। इसके अलावा हिसार से अमृतसर के बीच आवागमन करने वाली ट्रेन संख्या 54653 और 54654 अमृतसरझ्रहिसार एक्सप्रेस ट्रेन को भी कल से बहाल किया जा रहा है। Indian Railway News
उल्लेखनीय है कि धूरी एवं लुधियाना रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म के पुनर्निर्माण कार्य के चलते रेलवे ने 3 दिसंबर से इन गाड़ियों का संचालन बंद कर दिया था। हालांकि इन गाड़ियों के अलावा अभी भी करीब 10 अन्य पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें बंद हैं, जिन्हें रेलवे द्वारा 23 फरवरी के बाद ही शुरू किए जाने की संभावना है, जिससे यात्रियों को फिलहाल पूरी राहत नहीं मिल पाई है। जाखल जंक्शन रेलवे स्टेशन अधीक्षक चांदराम दहिया ने बताया कि फिलहाल उक्त पैसेंजर गाड़ियों को शुरू करने संबंधी पत्र प्राप्त हो चुका है और उम्मीद है कि कल से हिसार से लुधियाना के बीच सात पैसेंजर गाड़ियां नियमित रूप से चलने लगेंगी।
यह भी पढ़ें:– Haryana Roadways: घरौंडा में नहीं रुकी रोडवेज बस, पानीपत टोल पर उतारे कॉलेज स्टुडेंट















