
नयी दिल्ली दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिन्दर सिंह सिरसा ने राजधानी में लोगों से ग्रीन पटाखे जलाने का आग्रह करते हुए कहा है कि दिवाली भी मनायें लेेकिन पर्यावरण को बचाना भी जरूरी है। सिरसा ने उच्चतम न्यायालय के ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति देने के बाद आज कहा कि दिल्लीवासी इस बार पटाखों के साथ दीपावली मनायेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उच्चतम न्यायालय से आग्रह किया था कि दिल्ली के लोगों को पटाखों से वंचित नहीं किया जाये। दीपावली पूरे देश में पटाखों के साथ मनायी जाती थी लेकिन दिल्ली में इसकी इजाजत नहीं थी। न्यायालय के निर्णय का हम स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में लोग 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक सुबह छह बजे से सात बजे और रात आठ से रात दस बजे तक ग्रीन पटाखे जला सकते हैं। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि जो पटाखे दिल्ली में आये वह ग्रीन हों और इसे लेकर आज से बैठकें शुरू हो रही है इस मामले में निरंतर निगरानी भी रखी जायेगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि दिल्ली में केवल ग्रीन पटाखे ही जलायें क्योंकि न्यायालय से हमें सिर्फ एक साल की इजाजत मिली है। अगर हम केवल ग्रीन पटाखे ही जलायेंगे तो हमें यह इजाजत आने वाले सालों में भी मिलती रहेगी। सिरसा ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने यह अनुमति कुछ शर्तों के साथ दी है। सिर्फ अधिकृत विक्रेता ही ग्रीन पटाखे बेच सकेंगे और प्रदूषण की सख्ती से निगरानी की जायेगी।