रूहानी सवाल-जवाब

Gurmantra gives spiritual strength

प्रश्न : किस्मत से क्या अभिप्राय है? क्या इसे बदला जा सकता है?

उत्तर : कर्मों का दायरा बहुत बड़ा होता है जो पूरे सतगुरु की दया मेहर के बिना खत्म नहीं होता। हम अपने पूर्व जन्मों के कर्मों का फल इसी जन्म में भोगते हैं तथा इस जन्म में कुछ नए कर्म भी बना लेते हैं। पूर्व जन्मों के कर्मों का परिणाम जो हम इस जन्म में भोगते हैं, वह परमात्मा की ओर से उस इन्सान के लिए निश्चित किया हुआ घटनाक्रम, उसकी किस्मत या भाग्य कहलाता है। यदि इन्सान चाहे तो पूरे सतगुरु से नाम प्राप्त करके इसके अभ्यास तथा इन्सानियत की सेवा के द्वारा अपनी किस्मत बदल सकता है और जन्म मरण के चक्कर से हमेशा-हमेशा के लिए निजात पा सकता है।

प्रश्न : क्या सतलोक में भी मृत्युलोक वाला शरीर मिलता है?

उत्तर : सतलोक में रूहें अपने मालिक के दर्श-दीदार करके सदा मस्त रहती हैं। वहाँ पर ऐसे स्थूल (मृत्युलोक वाले) शरीर नहीं होते। वहाँ केवल आत्मा ही जाती है, शरीर नहीं जाता।

प्रश्न : यदि सतगुरु सर्व-समर्थ है तो हमारी सभी माँगें पूरी क्यों नहीं करता?

उत्तर : वास्तव में यह बात सच है कि सतगुरु-परमात्मा सर्व-समर्थ होता है। उसके लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं होता, लेकिन इन्सान अनेक बार सतगुरु से ऐसी माँगें कर बैठता है, जो उसके लिए जायज नहीं होती या उसे सतगुरु पर पूरा भरोसा नहीं होता या फिर वचनों पर अमल न करने की वजह से भी सतगुरु उसकी माँगें मंजूर नहीं करता।

प्रश्न : जब हम सुमिरन करते हैं तो ऐसा लगता है जैसे कोई ताकत हमें सुमिरन करने से रोक रही है। ऐसा क्यों होता है?

उत्तर : सुमिरन करते समय जो ताकत हमें नाम का जाप करने से रोकती है, उसे मन कहते हैं। यह मन, काल का एजेन्ट है, इसलिए यह हमारे ध्यान को एकाग्र नहीं होने देता।

प्रश्न : नाम का सुमिरन करने के लिए कोई उचित समय बताएं?

उत्तर : नाम का सुमिरन चौबीस घंटे में खाते-पीते, उठते-बैठते, चलते-फिरते अथवा काम धंधा करते समय कभी भी कर सकते हैं। फिर भी इसके लिए सर्वोत्तम समय ब्रह्ममुहूर्त (प्रात: 2:00 से 4:00 बजे) का है, क्योंकि इस समय वातावरण शांत होता है, जिससे ध्यान आसानी से लग जाता है।

प्रश्न : यदि सुमिरन करते समय नींद आ जाती है, तो क्या उसका भी फल मिलता है?

उत्तर : यदि कोई व्यक्ति परमात्मा के नाम का सुमिरन करता है तो मालिक उसे फल अवश्य देता है। मनुष्य जब सुमिरन करते समय सो जाता है तो उसे सपने में सतगुरू के दर्शन हो सकते हैं, जिससे आत्मा को बहुत खुशी मिलती है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।