साइकिल रैली के दूसरे चरण की शुरूआत

Second Phase, Cycle Rally, Haryana

तंवर बोले, चौटाला से शुरु होगी बदलाव की आंधी

डबवाली (सच कहूँ/सुनील वर्मा/सरसा)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ साइकिल रैली प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चला रही है। इस साइकिल रैली के दूसरे चरण में गांव चौटाला से बदलाव की आंधी शुरू होगी। डॉ. तंवर कांग्रेस पार्टी की साइकिल रैली के दूसरे चरण में बृहस्पतिवार को गांव चौटाला में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जब वे पहली बार सांसद का चुनाव लड़ने के दौरान गांव चौटाला में आए थे तब उन्होंने इतना जोश और इतनी भीड़ देखी थी जो आज एकत्रित हुई है। यह बदलाव का बड़ा संकेत है। साइकिल यात्रा का काफी संख्या में गांव चौटाला में जगह-जगह कांग्रेस नेताओं द्वारा घरों से बाहर निकलकर स्वागत किया। इससे पूर्व कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय संयोजक लालजी भाई देसाई ने झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस देश की डीएनए में है। वह गरीब, मजदूर, मजलूम, दलित, पिछड़े, महिला, युवा और बेरोजगारों के हितों के लिए काम करती रही है।

देश को अंग्रेजों से आजाद करवाने के बाद देश की अंदरूनी समस्याओं से आजादी के लिए कांग्रेस ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। देसाई ने कहा कि कांग्रेस का सेवादल आम आदमी तक पहुंच रखता है और उसकी दुविधाओं, समस्याओं को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाता है। उसी से कांग्रेस नीति तैयार करती है। इस अवसर पर अवंतिका माकन तंवर, पूर्व मंत्री रणजीत सिंह, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जयपाल लाली, ओमप्रकाश केहरवाला, होशियारी लाल शर्मा, कुलदीप गदराना, शीशपाल केहरवाला, नवीन केडिया, रमेश भादू, कर्मचंद शर्मा, सुरजीत भावदीन, लादूराम पूनिया, अमित सोनी, देवेंद्र बबली, राजकुमार शर्मा, सतेंद्र हिसार सहित अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।