कक्षा 9वीं व 11वीं के लगभग 50 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिता में भाग
नाथूसरी चोपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सौजन्य तथा डाइट डिंग के तत्वावधान में गांव गुड़िया खेड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को राज्य स्तरीय युवा ग्राम पंचायत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं व 11वीं के लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सीईओ जिला परिषद डा.सुभाष चंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी डॉ. दर्शना सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। Sirsa News
युवा ग्राम पंचायत कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वच्छता, नशा, शिक्षा, स्वास्थ्य और साइबर क्राइम जैसे सामाजिक मुद्दों को उठाया। प्रस्तावों पर ग्राम सभा की तर्ज पर चर्चा कर आम सहमति से निर्णय लेने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। प्रतियोगिता की तैयारी इतिहास प्रवक्ता संतलाल ढुकड़ा और प्रवक्ता रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में करवाई गई। निर्णायक मंडल में कर्मवीर सिंह (प्राचार्य, झज्जर), राजेंद्र सिंह (प्राचार्य, झज्जर), ओमप्रकाश (प्रवक्ता, झज्जर) तथा पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. जितेंद्र देशवाल (डाइट झज्जर) ने प्रतियोगिता का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता सार्इं ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने विद्यालय की प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्राचार्य, स्टाफ और विद्यार्थियों को बधाई दी। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सतवीर सिंह ढिढारियां, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सिद्धार्थ स्टालिन सचदेवा, पंचायत समिति अध्यक्ष सूरजभान बुमरा, सरपंच मंजू भाटिया, विद्यालय प्राचार्य उमेद सिंह ढाका सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। Sirsa News















