‘वैदिक रेज’ थीम पर वार्षिकोत्सव सम्पन्न
हनुमानगढ़। टाउन स्थित डीएवी विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम न होकर संस्कार, संस्कृति और विद्यार्थियों के सपनों का उत्सव बनकर उभरा। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल की ओर से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में उद्यमी सुभाष सिंगला, नीरज सिंगला, अमित माहेश्वरी, द्रोणाचार्य अवॉर्डी आरडी सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डीएवी के प्रेरणास्त्रोत महर्षि दयानंद सरस्वती की 202वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष वार्षिकोत्सव की थीम ‘वैदिक रेज’ रखी गई, जिसका उद्देश्य वैदिक संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देना रहा। Hanumangarh News
मंच पर प्रस्तुत प्रत्येक कार्यक्रम परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम प्रतीत हुआ। विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नृत्य, नाटक, समूहगान एवं वैदिक विचारों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘आओ तुम्हें चांद पर ले जाएं’ गीत पर आधारित प्रस्तुति में बच्चों ने अपने सपनों को साकार रूप में प्रस्तुत किया। मोबाइल एडिक्शन पर आधारित नृत्य नाटिका ने वर्तमान समय में बच्चों में बढ़ती मोबाइल फोन की लत पर गहन संदेश देते हुए सभी को सोचने पर विवश कर दिया। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति में महर्षि दयानंद सरस्वती के योगदान का भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की
मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास को नई उड़ान देते हैं। उन्होंने डीएवी विद्यालय के प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। विशिष्ट अतिथि सुभाष सिंगला ने कहा कि डीएवी केवल शिक्षा प्रदान करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की एक पवित्र पाठशाला है।
विद्यालय के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि डीएवी केवल शिक्षा का मंदिर नहीं, बल्कि संस्कारों की प्रयोगशाला और चरित्र निर्माण का पवित्र केन्द्र है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित डीएवी प्रबंधकीय समिति की प्रधान पद्मश्री पूनम सूरी के पुत्र योगी सूरी (प्रधान, आर्य युवा समाज) के मार्गदर्शन में डीएवी की ओर से ‘घर-घर यज्ञ, नशे को त्यज’ मुहिम का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैदिक मूल्यों का बीजारोपण कर उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना है। Hanumangarh News















