राष्ट्रीय हैंडबॉल में राजस्थान टीम उपविजेता, विद्यालय में हुआ सम्मान
National Handball Tournament: हनुमानगढ़। घुमारवीं (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित 69वें राष्ट्रीय विद्यालयी खेलों की 19 वर्ष आयु वर्ग की छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब प्राप्त किया। इस उपलब्धि में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहलोलनगर की दो छात्राओं ने हनुमानगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राएं रवीना नायक पुत्री सुल्तानराम तथा रवीना सारसर पुत्री सुभाष सारसर एवं टीम के कोच शारीरिक शिक्षक मेजरसिंह के सम्मान में सोमवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। Hanumangarh News
समारोह में गणमान्य नागरिकों की ओर से छात्राओं व कोच का साफा पहनाकर एवं फूल मालाएं अर्पित कर स्वागत किया गया। साथ ही अतिथियों ने स्मृति प्रतीक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरदीप सिंह ने कहा कि दोनों छात्राओं ने छोटे से गांव से निकलकर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षक मेजरसिंह की कड़ी मेहनत व मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि टीम ने कड़े मुकाबलों के बाद उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। वक्ताओं ने बहलोलनगर की टीम की सराहना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों ने अनुशासन व निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि प्राप्त की है। समारोह में विनोद मूंड, नथूराम मलखट, कालूराम वर्मा, सुभाष गोयल, दिनेश डागला, जगदीश, कुलदीप मरूवा, रामकुमार, मलकीत सिद्धू सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। Hanumangarh News















